धर्मोहि परमोलोके, धर्मे सत्यं प्रतिष्ठितम्

November 1986

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

दर्शन क्षेत्र में इतनी अधिक विभिन्नताएँ हैं कि उन्हें एक सूत्र में बाँधा जाना कठिन है। प्राचीन काल में षड्दर्शन थे। इसके उपरान्त तो उनके अनेकानेक नाती-पोते निकल पड़े। अद्वैत, द्वैत, और त्रैत की मान्यताएँ उभरीं। जैन और बौद्ध दर्शन भी सशक्त थे। चार्वाकि दर्शन था तो नास्तिकवादी पर दलीलें उसकी भी ऐसी थीं जिनकी उपेक्षा नहीं की जा सकती।

पाश्चात्य दर्शन की अलग शृंखला विनिर्मित हुई। उनके आरम्भ और प्रौढ़ काल धूमधाम भरे रहे। पीछे नये दर्शनों ने उनका स्थान ग्रहण किया तो फिर पुरानों में वृद्धता आई पर जीवित वे भी रहे। इस प्रकार अब तक की खोजों में उनकी संख्या 100 के करीब पहुँच चुकी है। महापंडित राहुल सांस्कृत्यायना ने अपने ‘दर्शन-दिग्दर्शन’ ग्रन्थ में इसी छोटी सीमा में उनमें से अधिकाँश पर प्रकाश डाला है।

यों सम्प्रदायों के पीछे भी अपने-अपने दर्शन हैं। वे मात्र क्रम काण्ड नहीं हैं, उनके पीछे ऐसे प्रतिपादन भी हैं जिन्हें दर्शन का नाम दिया जा सकता है। आर्य समाज की अपनी मान्यताएँ थीं, तो कबीर पंथियों की अपनी। इन सब सम्प्रदाय मिश्रित- लिखित और अलिखित दर्शनों की गणना की जाय तो वे एक हजार से ऊपर पहुँचती हैं। भक्तिवाद उन सबमें अनोखा है। उसमें भगवानों से लेकर देवताओं तक को अपना स्नेह प्रदर्शित करके वशवर्ती बनाने और अँगुलियों पर नचाने का प्रावधान है।

इन दर्शनों की वृद्धि के साथ-साथ उनके अनुयायियों की कट्टरता भी बढ़ी। वे अपने को सही और दूसरे सभी को गलत मानते थे। फलतः टकराव होना भी स्वाभाविक था। अपने सिवाय सभी झूठे हैं। झूठों को दबाना चाहिए। इस अत्युत्साह ने कलह के बीज बोये। मनोमालिन्य बढ़कर वैमनस्य तक पहुँचा। अपनी हठ के आगे अन्यान्यों को सिर झुकाने के लिए विवश करने की प्रथा चल पड़ी और संसार भर में इस आधार पर भारी रक्त पात हुए। मारने वाले अपने को धर्म सेवक और मरने वाले अपने को शहीद मानने लगे। उनकी भी अपने-अपने ढंग से पूजा होने लगी। एक ने दूसरे से बढ़कर अपने-अपने मान्य लोगों और देवताओं के स्मारक बनाये। इससे चिढ़ को और भी अधिक प्रोत्साहन मिला और लगा कि प्रचलित दर्शन किसी समस्या का समाधान नहीं करते वरन् कलह विद्वेष के बीज बोते हैं।

यह जानना अति कठिन है कि इतनी अधिक मान्यताओं में से कौन सही है? कौन गलत? ऐसा निर्णय तो निष्पक्ष लोगों की ऐसी सभा ही कर सकती है जिसका निर्णय मानने के लिए सभी बाध्य हों। पर मनुष्यों की वर्तमान स्थिति में ऐसा पंच निर्णय भी कठिन है क्योंकि कोई भी अपनी मान्यता से पीछे हटने को तैयार नहीं। सभी को अपने पूर्ववर्त्तियों का प्रतिपादन प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। कोई अपनी हेठी क्यों कराये? अपनी नाक सबसे ऊँची क्यों न रखे? ऐसी दशा में किसी सर्वमान्य निष्कर्ष की आशा रखना, दुराशा मात्र ही है।

नीति, न्याय, विवेक, तर्क, तथ्य, प्रमाण के आधार पर ऐसी आचार संहिता तो बन सकती है, जो मानवी गरिमा के अनुरूप हो। उसे मानव धर्म भी कहा जा सकता है। वैसे यह अधिक उचित है कि झगड़े की जड़ इन धर्म सम्प्रदायों से पृथक उस सार्वजनीन सार्वभौम निर्धारण को आचार संहिता जैसा नाम दिया जाय। वह हर देश के हर मत सम्प्रदाय के लोगों पर समान रूप से लागू होती हो।

जब तक वैसा संभव नहीं हो, तब तक एक मध्यवर्ती मार्ग निकल सकता है कि अपनी-अपनी मान्यताओं को अपने तथा अपने समकक्षी लोगों तक ही सीमित रखा जाय। दूसरों को न तो चुनौती दी जाय और न उन्हें अपना मत बदलने के लिए बाधित किया जाय। अपनी मान्यता अपने तक ही सीमित रहने दी जाय। उसे खण्डन, मण्डन के स्तर तक न पहुँचने दिया जाय। कलह या विद्वेष का निमित्त कारण न बनने दिया जाय।

इसे सर्व दर्शन या सर्वधर्म समन्वय तो नहीं कहा जा सकता है, पर उसे सहिष्णुता समझा जा सकता है। एक दूसरे को सहन करना सीखें और अपनी विचारणा को अपने तक ही सीमित रखें।

नीति नियम ऐसे हैं जिन पर चलने के लिए दूसरों को भी बाधित किया जा सकता है। चोरी, उठाईगीरी, लूट, अपहरण, हत्या, डकैती, व्यभिचार, धोखाधड़ी आदि को सभी देशों में अपराध ठहराया गया है। अपराधी प्रवृत्ति को रोका जाना चाहिए। सदाचरण को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे दर्शन को मान्यता दी जानी चाहिए जो सर्व साधारण के हित में पड़ती हो और जिसमें अनीति पर बंधन लगाया जाता है। धर्म और अधर्म का अभिप्राय वस्तुतः औचित्य और अनौचित्य है। किसी सम्प्रदाय विशेष की मान्यताओं से नहीं है। नीति पालने और पालन कराने भर का औचित्य है। दर्शनों का समान हो सकता कठिन है। सब सम्प्रदायों का एकीकरण भी आज के वातावरण में कठिन है। यह भी नहीं हो सकता कि थोड़ी-थोड़ी बातें सब में से लेकर एक संयुक्त दर्शन या धर्म बनाया जाय। इतनी समझदारी, उदारता एवं यथार्थवादिता अपनाने के लिए लोग सहमत हो सकें, ऐसी विचारशीलता का युग आने में अभी देर है।

ऐसी दशा में अनेकान्तवाद की जैन मान्यता का अन्य धर्मावलंबियों द्वारा अपनाये जाने का भी मन होना चाहिए। उस प्रतिपादन में यही कहा गया है कि अपने से भिन्न मान्यताओं के संबंध में यह मत रखा जाय, कि संभव है, वह भी ठीक हो। अपना मत अपने लिए कितना ही उपयुक्त क्यों न प्रतीत हो, पर उसे दूसरों पर थोपने के लिए बाधित नहीं किया जा सकता। हम अपनी बात कहें तो पर दूसरों को झूठा ठहराने का प्रयत्न न करें। यही अनेकान्तवाद है। स्यादवाद की मान्यता भी इसी से मिलती जुलती है।

एक परिवार के कई सदस्य होते हैं। उनके खाने पहनने के समान अलग-अलग हो सकते हैं। इस मतभेद के कारण न तो कोई झगड़ता है न अपनी रुचि को दूसरों पर थोपने का प्रयत्न करता है। जब ऐसे छुट पुट मतभेद उपेक्षा में डाल दिये जाते हैं तो कोई कारण नहीं कि दार्शनिक साम्प्रदायिक मान्यताओं के संबंध में वैसी ही छूट क्यों न दी जाय। इसी सहिष्णुता का नाम है- अनेकान्तवाद। इसी को अपनाने से मतभेदों के रहते हुए भी शान्ति पूर्वक रहा जा सकता है।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118