परमपूज्य गुरुदेव की अमृतवाणी - भगवान के अनुदान किन शर्तों पर मिलते हैं

March 2002

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

(13-4-79 को दिया गया उद्बोधन)

गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ-

ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्!

देवियों, भाइयों! अनुग्रह और मनुहार, इन दोनों का आपस में संबंध तो है और ये क्रम चलता भी है। इसको हम शाश्वत सिद्धाँत महसूस कर सकते हैं मनुहार, खुशामदें, मिन्नतें, प्रार्थनाएं, आप इन्हें कीजिए, इनकी भी आवश्यकता हैं। यह क्रम भी इस दुनिया में चलता तो है। मैं यह तो नहीं कहता कि यह क्रम चलता नहीं है, पर क्या अनुग्रह मिलते भी हैं? हाँ, अनुग्रह भी मिलते रहते हैं। अनेक आदमी जीवित हैं, अपंग भी इसी पर जीवित हैं, दुर्बल भी इसी पर जीवित हैं और सिद्धाँत भी अनुग्रह के ऊपर जिंदा है। अनुग्रह दुनिया में से खत्म हो चला? नहीं बेटे! खत्म होने की बात नहीं कहता, पर मैं यह कहता हूँ कि सिद्धाँत और इसके आधार पर कोई लम्बी योजना नहीं बन सकती और कोई महत्वपूर्ण कार्य इसके आधार पर सिद्ध नहीं हो सकता।

मित्रों! अगर आप कहें कि अनुग्रह के आधार पर कृपा कीजिए, हमारी सहायता कीजिए, हमको ये दीजिए। लेकिन क्या ये चलेगा? चल तो सकता है, पर वहाँ तक शोभा नहीं देता, जहाँ तक आदमी स्वयं में समर्थ हो। जैसे बच्चा, बच्चा क्या करता है? बच्चा स्वयं में असमर्थ होता है, कुछ कमा नहीं सकता। इसलिए कुछ कमा सकने की स्थिति में न होने की वजह से, असमर्थ होने की वजह से माँ-बाप उसकी सहायता करते है। बच्चे को रोटी देनी चाहिए, कपड़े देने चाहिए, सहायता देनी चाहिए। बच्चे की मनःस्थिति माँगने की होती है, क्योंकि वह विकसित नहीं है।

बालक जैसी मनःस्थिति

अविकसित जितने भी प्राणि है, खासतौर से मनुष्य, उनकी पहचान एक है। क्या पहचान है? ये पहचान है कि वे माँगते रहते है। माँगता हो तो आप क्या कहेंगे उसको? चाहे उम्र का भी हो जाए तो भी क्या कहेंगे? तो मैं उसको बच्चा कहूँगा। बच्चा बड़ी उम्र का? हाँ बड़ी उम्र के भी बच्चे होते है। मनःस्थिति की दृष्टि से वे सब आदमी बच्चे हैं जो अपने पुरुषार्थ के ऊपर निर्भर नहीं है, दूसरों से माँगकर अपना काम चलाने के इच्छुक है। इसी से वे अपना गुजरा करते है। ये भौतिक दृष्टि से, भावनात्मक दृष्टि से बालक हैं। बालकों को मिलता है? हाँ बालकों को भी मिलता है। बालकों को क्या-क्या मिलता है बताइए जरा? बालकों को रबड़ की गुड़िया मिलती है और क्या मिलता है? गुब्बारा मिलता है और क्या मिलता है? लेमनचूस मिलता है और क्या मिलता है? टॉफी मिलती है और क्या मिलता है, झुनझुना मिलता है। नहीं साहब! बड़ी चीज बताइए। बेटे! बड़ी चीजें नहीं मिलती। माँ-बाप बच्चों को प्यार करते हैं? बहुत प्यार करते है, लेकिन कीमती चीजें? कीमती चीजें आपको नहीं मिल सकती, क्योंकि आप बच्चे है।

मित्रों! बच्चों को कभी कीमती चीजें नहीं मिलती है। उनका मनोविनोद करने के लिए खेल-खिलौने, उनका मन रखने के लिए तबियत बहलाने के लिए उनको जो कुछ चीजें दी जा सकती है, वे टिकाऊ नहीं होती। तो क्या बड़ों को भी मिलती है? हाँ बड़ों को भी मिलती है। बड़ों को कब मिलती हैं? बड़ों को तब मिलती हैं जब वे मुसीबत में फंसे हुए होते है। जैसे मान लीजिए कि वे दुर्घटनाग्रस्त हो गये हों, अकाल से पीड़ित हो गए हो, कोई दूसरी मुसीबतें आ गई हो, रेलवे में ऐक्सीडेंट हो गया हो। साहब! मुसीबत में हमारी सहायता कीजिए। हम जरूर सहायता करेंगे आपकी, लेकिन कब तक? सवाल यह है कि कब तक सहायता करेंगे, हमेशा, जिंदगी भर? नहीं बेटे, जिंदगी भर नहीं कर सकते।

अच्छा तो कब तक करेंगे? सिर्फ उस समय तक करेंगे, जब तक अपने पैरों पर आप खड़े नहीं हो जाते, बस। बाद में? बाद में नहीं करेंगे। अगर आप कहेंगे कि हम मुसीबत में फंसे हुए हैं और सारी जिंदगी भर के लिए आप हमारा ठेका ले लीजिए, तो मुश्किल है। साहब! हम पाकिस्तान से आए हैं, तो आप हमारा गुजारा कीजिए? हम तो शरणार्थी है। ठीक है आप शरणार्थी हैं, तो हम थोड़े दिन आपकी सहायता करेंगे। इंसान को इंसान की सहायता करनी चाहिए, पर आप इसे सिद्धाँत बनाकर नहीं चल सकते। सिद्धाँत मत बनाइए। सिद्धांत बना देंगे तो मुश्किल हो जाएगा।

मित्रों! बच्चा जब बड़ा हो जाता है तब माँ-बाप की त्योरियाँ बदलती देखी हैं कि नहीं आपने? वे कहते हैं कि तुझे शर्म नहीं आती है, पच्चीस साल का हो गया है, मूँछें निकल आई हैं, कमाई के लायक हो गया है। पच्चीस साल में बी.ए. पास करा दिया है, एम.ए. पास करा दिया। अब कमा कर ला। नहीं पिताजी पैंट बनवा दीजिए, नहीं पिताजी सिनेमा देखने के लिए पैसे दे दीजिए, नहीं पिताजी ये दे दीजिए। सबके माता-पिता दे भी देते हैं, पर आपने देखा नहीं! देते समय उनका चेहरा कैसे बदल जाता है, तेवर कैसे बदल जाते है। क्यों बदल जाते है? इसलिए कि ये अपने आप में कमाने लायक हो गया है। इसको अब हमारी मदद करनी चाहिए थी, जबकि ये उलटा हम से ही माँगता है। ये स्थिति किसकी कह रहा हूँ मैं? बच्चों की कह रहा हूँ। उन व्यक्तियों की कह रहा हूँ जो अनुग्रह के ऊपर और मनुहार के ऊपर जिंदा रहना चाहते है।

मनुहार पर नहीं पात्रता के विकास पर टिकें

मित्रों! मनुहार किसे कहते है? खुशामद को कहते हैं। खुशामद भी एक सिद्धाँत है। बिना माँगे किसी को क्या पता चलेगा कि आपको क्या जरूरत है? क्या आप जरूरत की बात नहीं कहेंगे? आप जरूरत की बात कहेंगे तो चीजें मिल जाएंगी? हाँ चीजें तो मिल जाएँगी, लेकिन नुकसान हो जाएगा। क्या नुकसान हो जाएगा? जैसे ही चीज मिलेगी उससे ज्यादा कीमती चीज हाथ से चली जाएगी। क्या चला जाएगा? आपका स्वाभिमान चला जाएगा। आप किसी से बिना कीमती चुकाए, अहसान में कोई चीज ले लेते हैं, तो आपका सिर नीचे झुक जाएगा। आप नीचे हो जाएंगे और आप दूसरे दरजे के व्यक्ति हो जाएंगे और आपको दूसरे के आगे आंखें नीची करनी पड़ेगी। अगर आप कृतज्ञ हैं तो तुरंत अपनी कृतज्ञता का इजहार कीजिए। “थैंक्यू बैरी मच’ कहिए। आपने हमको पानी पिला दिया, आपने हमको बतला दिया, अहसान है।

आदमी दूसरों की सहायता पाकर के लाभ तो उठा सकता है, लेकिन दबता है। दबाना? हाँ दबना। जहाँ तक मनुष्य के आध्यात्मिक स्तर का सवाल है, दबना आदमी के खराब है। आदमी को दूसरों के अहसान से नहीं दबना चाहिए। दूसरों की दूसरी चीजों से दबना चाहिए जैसे प्यार से दब सकते है तो दबिए आप। दूसरों से प्यार करते है। माँ का आपसे प्यार है। माँ हम आपके बहुत अहसानमंद है। लेकिन आप पैसे के संबंध में और रोटी के संबंध में मत दबिए। रोटी भगवान ने आपको नहीं दी है? आप इज्जत वाले हैं, स्वाभिमानी हैं। आपसे कोई कहे खाना खा लें, हाँ साहब खाना खाकर आ रहे हैं। नहीं साहब रोटी खा लीजिए। नहीं खाई हो, शायद आपके घर में आजकल रोटी की तंगी हो, तो भी आपको कहना चाहिए कि नहीं साहब! कोई दिक्कत की बात नहीं है। भगवान की कृपा है। रोटी तो देर-सबेर मिल ही जाती है, फिर आपके यहाँ क्यों खाएंगे? अच्छा जब न हो तो आप हमारे यहाँ खाइए। आपकी बड़ी कृपा है, आपने पूछ लिया यही क्या कम है। आप खा लीजिए। आपको रोटी नहीं खानी चाहिए। ठीक है कोई आपका ऐसा निजी दोस्त है, जिगरी दोस्त है, जो आपके यहाँ खा जाता है और आप उसके यहाँ खा लेते है। उसकी बात नहीं कहता हूँ मैं, पर ऐसे सामान्य नियम की बात कहता हूँ कि आपको दूसरों की सहायता पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

किसकी बात कह रहे हैं? लौकिक जीवन की। बेटे, सिद्धाँत तो वहीं है। आज आप लौकिक जीवन में इसे व्यवस्थित कर लीजिए अथवा पारलौकिक जीवन में व्यवस्थित कर लीजिए। नहीं साहब! आध्यात्मिकता में तो माँगना-ही माँगना है। बेटे, माँगना नहीं है आध्यात्मिकता में, किसने कहा था आपसे? नहीं साहब, आध्यात्म में सारी प्रार्थना-ही-प्रार्थना भरी है। प्रार्थना का मतलब यह नहीं है, जो आपने समझा है कि आप माँगेंगे और मिलेगा। “माँगेंगे और मिलेगा” का सिद्धाँत, ये शायद आध्यात्मिकता की व्याख्या करने में बहुत गलती हो गई। यही कारण है कि आदमी आज स्वाभिमानी और स्वावलंबी कम होते जा रहे है। आध्यात्मिकता ने कितना फायदा किया है वर्तमान में, यह मैं नहीं जानता, पर रूहानी दृष्टि से आज की आध्यात्मिकता ने आदमी का नुकसान किया है। क्या नुकसान किया है? आदमी को परावलंबी बना दिया है। परावलंबन माने दूसरों की तरफ मुँह ताकने वाला, दूसरों से अपेक्षाएं करने वाला, दूसरों से आशाएं रखने वाला। किसके लिए? अपनी जिंदगी की नाव ढोने के लिए। इससे आपको दूसरों के ऊपर निर्भर रहना पड़ता है। इससे आपको क्या मिल गया? क्या मिला मैं नहीं जानता, लेकिन सबसे कीमती चीज जो आपकी ‘शर्म’ थी वह आपने गंवा दी।

इस संबंध में मुझे एक घटना याद आ गई। क्या घटना याद आ गई? एक बार संत इमरसन के पास एक आदमी आया। वह हट्टा-कट्टा था, जवान था। माँगने लगा, तो उनसे कुछ कहते तो नहीं बना, पर उन्होंने क्या किया कि एक कपड़ा उठाकर अपना मुँह ढक लिया। दूसरों ने कहा साहब आपको देना है तो दे दीजिए, नहीं देना तो इसे मना कर दीजिए। कपड़े से मुँह ढक लिया, ये क्या करते हैं आप? उन्होंने कहा, “मुझे देने में ऐतराज नहीं है, पर इस आदमी को देखने का मेरा मन नहीं। क्यों? क्योंकि इस आदमी ने इंसान की इज्जत को गंवा दिया। हट्टा-कट्टा होते हुए भी, जवान आदमी होते हुए भी, अपने हाथ-पैर से, अपने पुरुषार्थ से अपना गुजारा करने में समर्थ होते हुए भी यह यहाँ हाथ पसारने आया है। इंसानियत को कलंकित कर दिया इसने। इसीलिए मुँह ढक लिया मैंने।”

मित्रों! न जाने किसलिए, न जाने क्यों, न जाने कैसे हो गया कि आध्यात्मिकता का स्वरूप आज ऐसा बना दिया गया कि इनसे माँगना चाहिए। किससे माँगना चाहिए? देवता से माँगना चाहिए। देवता को तो देना चाहिए। “दानत् वा सा देवता।” देवताओं को सहायता करनी चाहिए। नहीं साहब, देवता से तो माँगना चाहिए। अच्छा बेटे और किससे माँगना चाहिए? संत पुरुषों से माँगना चाहिए, दिव्य पुरुषों से माँगना चाहिए, अमुक से माँगना चाहिए। नहीं बेटे! संत पुरुषों की सेवा करनी चाहिए, सिद्ध पुरुषों की सहायता करनी चाहिए। आपको मालूम है कि मंदिर में जाने का एक नियम है। मंदिर में आप जाएं तो फल-फूल लेकर के जाए। नहीं गुरुजी! हम तो ऐसे ही दर्शन करेंगे। नहीं बेटे! ऐसे दर्शन नहीं करना, देवता नाराज हो जाएंगे। यह प्राचीनकाल की परंपरा है, आज की तो मैं नहीं कर सकता। कहीं भी आप किसी देवमंदिर में जाएं तो पत्र-पुष्प लेकर जाना, फल लेकर के जाना, कुछ-न-कुछ लेकर के जाना और चढ़ाना, तब नमस्कार करना। इसका क्या मतलब है? इसका मतलब है कि आप कुछ देकर आइए। आप लेकर के आएंगे? लेकर नहीं बेटे, देकर के आना। यह परंपरा आध्यात्मिकता की परंपरा है।

हमें देना आना चाहिए

जिस देव−परिवार में हम शामिल होते हैं, उस देव−परिवार में शामिल होने का मतलब है कि हमारे भीतर देवत्व का विकास होना चाहिए। देवत्व का विकास किस तरीके से होता है? देवत्व का विकास इस मायने में होता है कि आदमी दिल से उदार हो जाता है। उदार होकर आदमी यह सीखता है कि हमें देना आना चाहिए। किसको देना चाहिए? सबको देना चाहिए, अपने शरीर को देना चाहिए ताकि यह धन्य हो जाए और अपने दिमाग को देना चाहिए ताकि यह शाँत हो जाए। हमारा मस्तिष्क बहुत अशाँत रहता है, बहुत परेशान रहता है। दिमाग को कुछ ऐसी चीज देनी चाहिए।, जिससे यह शाँत रह सके, खुश रह सके। और क्या करना चाहिए? आपको अपने शरीर को देना चाहिए। शरीर को क्या देना चाहिए? शरीर बेचारा मुसीबत में फंसा हुआ है, रोज-रोज बीमार पड़ जाता है, रोज-रोज कमजोर हो जाता है, इसे कुछ देना चाहिए। इस शरीर के आप देवता हैं न? हाँ, देवता हैं तो आप दीजिए कुछ इसको। नहीं साहब, हम क्या कर सकते है? आप सब कुछ कर सकते हैं। आप मुसीबत में फंसी हुई अपनी देह को निश्चित रूप से बीमारियों से छुट्टी दिला सकते है। निजात दिला सकते है।

बीमारियों से आप कैसे सहायता कर सकते हैं? चंदगीराम पहलवान को टी.बी की शिकायत थी। बाईस साल की उम्र में उसको टी.बी. इस कदर हो गई थी की फेफड़े में से खून आने लगा था और मरने के दिन नजदीक थे। किसी ने उनको यह सलाह दी कि हमीमों का इलाज कराने के साथ आप अपना इलाज स्वयं करिए। पहला इलाज क्या है? अपनी जीभ के ऊपर और अपनी इंद्रियों के ऊपर, आदतों के ऊपर कंट्रोल कीजिए। उन्होंने अपनी आदतों पर कंट्रोल करना शुरू कर दिया। वर्जिश की और बीमारी से छुटकारा पा लिया।

साथियों! जीभ जो आसमान से पाताल तक जाती है और आपकी पिटाई कराती है। आपकी पिटाई किसने कराई है बताना जरा? आपको पिटाई जीभ ने कराई। यह तो उल्टा-सीधा कहकर ड़ड़ड़ड़ मुँह में घुस जाती है और जूते आपके सिर पर पड़ते है। जहाँ जाते हैं वहीं जूते पड़ जाते है। किस-किस के पड़े? आपकी बीबी के पड़े, बीबी के पड़े? बीबी ने जूते-चप्पल तो नहीं मारे, पर आपके साथ ऐसा व्यवहार किया जो जूते से भी ज्यादा था। जीभ पर काबू नहीं है आपको। अल्लम-गल्लम बकते रहते है। मोहब्बत करना आता नहीं, शऊर है नहीं, तमीज है नहीं कि इंसान के साथ किन शब्दों में बात करें। इंसान की इज्जत की रखवाली करने के बाद में आदमी से सहानुभूति किस आधार पर माँगनी चाहिए, आपको मालूम ही नहीं। हावी होते जाते है। जूते पड़ेंगे आपके, अभी और पड़ेंगे।

मित्रों! जीभ ने क्या कर दिया? जीभ ने आपकी सेहत खराब कर दी। सेहत को खराब करने की जिम्मेदारी ऐ आदमी की है। जिसने आपकी अच्छी-खासी तंदुरुस्ती को तबाह कर डाला है। ये कौन है? इसका नाम है जीभ। हकीम लुकमान सही कहते थे कि आदमी अपने मरने के लिए और दफन होने के लिए जो कब्र खोदता है, वह अपनी जीभ की नोक से खोदता है। यह सच है? हाँ यह बिल्कुल सच है कि आदमी अपनी जीभ की नोंक से अपनी कब्र खोदता है। आपने जो खाया है, जरा उसकी लिस्ट लाइए। क्या खाया है? आपने जहर खाया है और वो चीज खाई हैं , जो आपको नहीं खानी चाहिए थी। आपने जिस तरीके से खाई है, उस तरीके से नहीं खानी चाहिए। थी। आपने चीजों को नहीं खाया है, वरन् चीजों ने आपको खा लिया। अब आप क्या शिकायत करते है? आपने बदतमीज़ी से और बेहूदगी से चीजों को खाया है। अब बेहूदे तरीके से खाने की वजह से ये बेहूदी चीजें आपका सफाया करती है। यह कौन करती है? जीभ करती है।

मित्रों! अब आप क्या करते है? आप सेहत की एक तरीके से सहायता कर सकते है। देव−परिवार में आकर, आध्यात्मिक जीवन में प्रवेश करने के बाद में आपके लिए हम एक नीति तय कर देंगे। किसके लिए? जो भी हमारे नजदीक हैं उसके लिए। किस को देंगे? आप शरीर को दीजिए। आपका नजदीक घर, आपका सेवक, आपका स्वामिभक्त कुत्ता है- आपका शरीर, जो चौबीस घंटे आपके साथ रहता है। आपको उस पर दया नहीं आती, आपको करुण नहीं आती। आप इसको दे सकते है। अगर दे सके तो चंदगीराम पहलवान की तरह से आप टी.बी. की बीमारी तक से निजात पा सकते हैं। मैं आपको यकीन दिलाता हूँ कि आप सेहत पा सकते हैं, बशर्ते आप पहले जीभ पर काबू पाइए, जीभ पर अंकुश रखिए, डंडे लगाइए ऐसी जीभ पर जिसने आपको खा लिया। अगर आप जीभ पर काबू पा सकते हैं और इंद्रियों पर काबू पा सकते है तो चंदगीराम पहलवान के तरीके से आप अपनी सेहत फिर पा सकते है। निश्चित रूप से? हाँ निश्चित रूप से।

सेहत देवता व हकीम नहीं दे सकते

मित्रों! सेहत कौन दे सकता है, देवता? देवता नहीं दे सकता। हकीम जी? हकीम भी नहीं दे सकते। क्या साहब! हकीम जी के पास तो बहुत अच्छी-अच्छी दवाएं है। बेटा बेकार की दवाएं है। एक दिन हकीम जी से पूछा था कि क्यों साहब! आपके पास तो बहुत सारी दवाएं हैं। क्या-क्या दवाएं बेचते है? हम तो टॉनिक बेचते है। अहा और क्या बेचते है? सब बीमारी की दवा बेचते हैं अच्छा तो आप अपने खानदान वालों को खिलाकर दिखाइए। बीबी को क्या तकलीफ हो रही है? बीबी की साँस चल रही है। क्यों साहब! इनको आपने पहलवानी की दवा नहीं दी। पहलवानी की दवा क्या होती है? पहलवानी की प्रोटीनाँल, प्रोटिनेक्स, हाँरलिक्स और विटामिन बी कांप्लेक्स, टामिन बी-12 आदि पच्चीसों दवाइयाँ है। इनको खाकर पहलवान हो जाएंगे। आपने इन बच्चों को नहीं खिलाया? अरे साहब सबको खिलाते है, किंतु हम जानते है कि ये बिल्कुल बेकार की चीजें है।

आप तो कह रहे हैं कि इसमें इतनी ताकत है, इसमें इतनी प्रोटीन है, इसमें इतने विटामिन है। इसमें उतनी अधिक चीजें है, तो फिर आप बच्चों को क्यों नहीं खिला देते? आप तो गरीब हैं न ही? गरीब तो नहीं हैं गुरुजी। इसमें कुछ तो है ही। ये तो प्रोटीन युक्त प्रोटीन्यूल हैं दूध में मिलाकर खाते हैं और प्रोटीन मिल जाता है। ये भुना हुआ सोयाबीन का आटा है। विटामिन बी कांप्लेक्स क्या है? यह कुछ भी नहीं है, गेहूं का छिलका है। छिलकों को पानी में भिगोकर जो मसाला निकल जाता है, उसी को बना लेते है। गेहूँ का छिलका जो गायों को फेंक देते है, भैंस को डाल देते हैं? हाँ साहब वही छिलका हैं तो क्या ये सब फ्राड हैं? किनका फ्राड है? दवाफरोशों का फ्राड है, जो लोगों को सब्जबाग दिखा करके ये चीजें बेचते रहते है और कहते है हम आपकी सेहत अच्छी कर देंगे, आपको तंदुरुस्त बना देंगे। अगर तंदुरुस्त बना देते तो एक भी हकीम की घरवाली कमजोर न पाई जाती।

अच्छा, हकीम जी, आप अपनी बीबी को पेश करिए हमारे सामने। अच्छा तो यही है, आपकी धर्मपत्नी। इनकी सेहत अच्छी होती, पर इनकी तो मिट्टी पलीद हो रही है। दवाई भी खिलाते है। क्या दवाई खिलाएंगे, ये तो बहकाने की दवाई हैं? हाँ बेटा! ठीक है आपका कहना। दवा वाले अपना गुजारा कर रहे है, कैमिस्ट अपना गुजारा कर रहे है, कंपाउंडर अपना गुजारा कर रहे है। लेकिन अच्छी सेहत पानी है तो कौन दे सकता है? आप दे सकते है, आपके अलावा और कोई नहीं दे सकता। आपके अलावा कोई मरीज नहीं है और न आपके अलावा दुनिया के परदे पर आपके लिए कोई हकीम है। दूसरों के लिए तो हो भी सकते हैं? अगर आप ये निश्चय कर लें कि हमको इस शरीर को देना है। क्या देना है? इस शरीर को ख्याति देनी है, यश देना है, अजर-अमर बनाना है। लोगों की निगाहों में इज्जतदार बनाना है, जिससे कि आपकी फोटो देखकर लोग आँखें नीची कर लिया करें। यह सब आप दे सकते है। कब? अगर आप देने की आदत सीख लें तब।

मित्रों! अगर आप देने की आदत सीख लें तब? आप अपने दिमाग को ऐसी चीजें दे सकते हैं कि आपका दिमाग कहे कि हमको लंबी जिंदगी जीने का मौका इन्होंने दिया। किसको? दिमाग को। दिमाग क्या है? दिमाग बेटे वो है जो हमारे भीतरी और बाहरी जिंदगी के ऊपर पूरी तरह कंट्रोल करता है। दिमाग को अपने गरम कर डाला हैं। दिमाग बेशक जलता रहता है। कैसे जलता रहता है? जैसे श्मशान जलता रहता है और उस श्मशान में भूत और पिशाच जलते रहते है। इस तरह से हमारा बेहतरीन कंप्यूटर जलता रहता है। चिंताओं की वजह से, फिक्र की वजह से, द्वेष की वजह से, ईर्ष्या की वजह से, अमुक की वजह से। क्यों साहब! ये बात सही है, आवश्यक है? नहीं बेटे! जरूरी नहीं हैं कि इन वजहों से ही आपका मस्तिष्क जलता रहता हैं। ये चीजें कतई जरूरी नहीं हैं।

क्यों साहब! इन परिस्थितियों में हर कोई जलेगा? नहीं, इन परिस्थितियों में हम आपको ढेरों आदमी बता देते हैं, जो आप से भी गई बीती परिस्थितियों में थे, लेकिन प्रसन्न थे, हंस सकते थे। कैसे? दिमाग पर कंट्रोल रखते थे। जिस मशीन से जिंदगी की हर चीज का कम निकालना है, उसी को आप असंतुलित कर देते है। फिर बताइए कैसे काम चलाएंगे? समस्याओं को कैसे हल करेंगे? जो चीज आपके काम की थी दिमाग, उसको तो आपने गरम कर डाला, जला डाला। आप चाहें तो अपने दिमाग पर रहम कर सकते है। दिमाग पर क्यों? आप चाहें तो उसे जलन से बचा सकते हैं, जो चौबीस घंटे जलता रहता है। रहम अगर हो तो आप अपने घर में जलते हुए जानवरों को निकाल सकते है। अगर आपको रहम नहीं हो तो कहेंगे कि मरने दीजिए। रहम हो तो दूसरों के ऊपर भी दया कर सकते हैं अगर आपके भीतर रहम है तो फिर भीतर वह ताकत है, शक्ति है, जिससे निश्चित रूप से आप अपने दिमाग को राहत दे सकते है। यह बेहतरीन कंप्यूटर है और यह करोड़ों रुपये कीमत का कंप्यूटर है।

अपना कंप्यूटर आप ही ठीक करें

मित्रों! आपने इसे गरम कर दिया। मशीन को ज्यादा गरम करने से तो हर चीज जल जाती हैं पानी की मोटर जल जाती है, गाड़ी की मोटर जल जाती हैं। ज्यादा गरम कर देंगे, टेंप्रेचर बढ़ा देंगे तो वे जल जाएंगी। आपने अपने दिमाग को जला दया और जली हुई मोटर जिस तरीके से खड़बड़-खड़बड़ करती है और धुआँ देती है, आपका दिमाग भी उसी तरह से हर वक्त धुआँ देता रहता है। आप अगर चाहते है तो आध्यात्मिक जीवन में प्रवेश करके देवत्व ग्रहण करते और अपने दिमाग पर रहम कर सकते थे। आप चाहते तो अपने शरीर पर रहम कर सकते थे। इसका फल जरूर मिलता, सैकड़ों में मिलता। फल? हाँ बेटे फल, अध्यात्म नकद धर्म है। आप सही तरीके से इसका इस्तेमाल तो कीजिए। आप सही तरीका ही नहीं जानते हैं, तो मैं क्या करूंगा। आपने एक ही चीज सीख रखी है, मनुहार और अनुग्रह। उसके सामने नाक रगड़ेंगे, इसके सामने मिन्नतें करेंगे, सब गोरखधंधा है। यही आध्यात्मिकता तो बताई गई है न आपको, बताइए नाक रगड़ना, मिन्नतें करना, मनुहार करना और अनुग्रह पाना।

मित्रों! आपका भगवत् भजन क्या है, आपकी संतोषी माँ की पूजा क्या है, आपका हनुमान चालीसा क्या है बताइए जरा? सारी-की-सारी धुरी का जब हम पोस्टमार्टम करते है, विश्लेषण करते हैं तो आज का अध्यात्म, पुरातन नहीं, पूरी तरह से इसी जंजाल में फंसा हुआ मिलता है। इसमें दो ही चीजें दिखाई पड़ती है, एक मिन्नतें दिखाई पड़ती है, मनुहार दिखाई पड़ती है और दूसरा इस मिन्नत-मनुहार के बदले में अनुग्रह पाने की इच्छा मालूम पड़ती है। ये कहाँ तक सही है, बेटे मालूम नहीं, पर मैं जानता हूँ कि यह कहीं भी शोभा देने लायक नहीं है। आप इस आधार पर कोई बड़ी चीज नहीं पा सकेंगे।

कैसे बड़ी चीज नहीं प्राप्त कर सकेंगे? जैसे एक सेठ जी थे। उनके यहाँ एक पच्चीस-छब्बीस साल का लड़का आया। उसने कहा, कुछ काम-धंधा नहीं है हमारे यहाँ और आज रोटी भी नहीं मिली, सेठ जी हमारी कुछ सहायता कीजिए। मुनीम जी, देखना इसकी कुछ सहायता कर देना। मुनीम जी ने एक रुपया दिया और कहा लो भाई बाजार से रोटी खा लेना। साहब एक रुपये में रोटी कैसे मिलेगी? आप तो जानते ही हैं कि आजकल तीन रुपये में थाली मिली है। ऐ रुपये में पेट नहीं भरेगा। अच्छा मुनीम जी इनको कुछ और दे दीजिए। तो फिर क्या दे दें? दो रुपये दे दो। अच्छा दो रुपये ले। भगवान करे आपका कल्याण हो। सेठ जी बड़े उदार है, मुनीम जी बड़े उदार हैं, यह कहते वह चला गया। क्या ले गया? दो रुपया। कितनी बार कहा, कितना दीन बना, धन्यवाद कहा, तब जाकर के सेठ जी की कृपा से, मुनीम जी की सिफारिश से दो रुपये ले कर गया और अपना पेट भर लिया।

मित्रों! थोड़ी देर में एक और लड़का आया। उसकी भी उम्र वही पच्चीस-छब्बीस साल थी, शक्ल-सूरत में भी बिल्कुल वैसा ही मिलता-जुलता था। जब वह आया तो मुनीम जी उठकर खड़े हो गए, सेठ जी भी उठकर खड़े हो गए। सेठ जी ने कहा, आइए खैरियत तो हैं? बहुत दिन में आना हुआ। आइए, बैठिए साहब! सेठ जी ने अपना काम बंद कर दिया और नौकर से बोले, तू अखबार ला, पंखा ला, चाय जल्दी ला, मिठाई ला। दो-तीन दिन तक ऐसी खुशामद की, ऐसी इज्जत की कि क्या कहने? जब विदा हुए तब तरह-तरह के उपहार दिए, पेंट-सूट दिया, किराये के लिए सौ रुपये दिए। टिकट लाकर दिया। घर से गाड़ी में स्टेशन तक पहुँचाने के लिए गए। वह बार-बार कहता रहा कि आप क्यों कष्ट उठाते है? हमें इनकी क्या जरूरत है, रहने दीजिए। हम तो आपके बच्चे है। नहीं साहब! ये सब तो आपको लेकर जाना पड़ेगा। वही सेठ और वही मुनीम जोर दे रहे थे, दबाव डाल रहे थे कि नहीं साहब लेना ही पड़ेगा।

बेटे! लड़के दोनों ही थे; एक मिन्नतें कर रहा था, खुशामदें कर रहा था, तब दोनों की सिफारिशों में दो रुपये लेकर गया था और पीछे आशीर्वाद देकर गया था, लेकिन दूसरे को जो चीजें मिलीं। साहब ये क्या फर्क है? सेठ जी वही हैं, लड़के वही हैं। दोनों बाहर के थे, पर दोनों में फर्क था। क्या फर्क था? ये लड़का जो पीछे आया था, सेठ जी का जँवाई था। जँवाई क्या होता है? जँवाई उसे कहते है जिसके साथ लड़की की शादी कर देते हैं। तो आपने इसको क्यों दिया? इसलिए दिया जिससे ये हमारी बेटी की सहायता करे। इसकी कमाई के ऊपर हमारी बेटी की जिंदगी निर्भर है। इससे प्यार मिलता है, इसकी संपदा का वह फायदा उठाएगी। अच्छा तो आपने बेटी के पक्ष में इसकी सहायता की है। आप बिल्कुल सच कहते है। यह है तो एक लोकाचार, परंतु सही बात यह है कि सहायता प्राप्त करने की वजह से हमने इसको दिया है।

ये क्या कह रहे थे भिखारी और जँवाई की बात? हाँ बेटे, आपसे मैं इसलिए कह रहा हूँ कि आप शुरू से देखिए कि जिनसे आप मिन्नतें करते हैं, जिनसे आप कुछ पाना चाहते हैं, उनके दरवाजे पर आप भिखारी होकर जाते हैं कि जँवाई होकर। जमाता के लिए जँवाई शब्द बड़ा खराब है, पर आप मुझे कहने दीजिए। जब कोई और अच्छा शब्द मिल जाएगा तो मैं उसको इस्तेमाल करूंगा, अभी तो मेरे पास और कोई शब्द नहीं है। हाँ तो आप क्या चाहते है? बेशकीमती चीजें पाने के लिए, अच्छी चीजें पाने के लिए, इज्जत पाने के लिए आपको क्या करना चाहिए? आपको जँवाई बनना चाहिए। किनका जँवाई बनना चाहिए? भगवान जी और किसका? साईं बाबा का और किसका आचार्य जी का। हरेक का जँवाई बनाना चाहिए। चल बदमाश कहीं का, दरिद्र और भिखमंगे पहले अपनी हैसियत को ऊँची उठा। अपनी हैसियत को ऊँचा उठाए बिना, ऊँची चीजें-कीमती चीजें न कभी मिली हैं और न मिलने वाली हैं। (क्रमशः)


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118