इक्कीसवीं सदी की भवितव्यताएँ – नवयुग की वेला निकट आ पहुँची

August 1986

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

इन दिनों तृतीय महायुद्ध का आतंक सर्वत्र सर्वत्र छाया हुआ है। इस वज्रपात की सम्भावना से समूची मानव जाति की नींद हराम है। कभी-कभी लगता है कि प्रलय की घड़ी और सामूहिक मरण का दिन निकट आ गया। अणु आयुधों के उपरान्त विष बरसाने वाले रासायनिक अस्त्र और लेसर जैसी मृत्यु किरणें धीमे-धीमे प्रकाश में आ रही हैं और प्रतीत होता है कि प्राण वायु बरसाने वाले बादलों से सुशोभित आकाश मरघट बनकर जलेगा। सूर्य चन्द्र और सागर तक को मनुष्य की उद्वतता निगल बैठे तो आश्चर्य नहीं? कल्पना तो यह भी की जाती है कि यहाँ खंडहरों और नीरवता के अतिरिक्त और कुछ ऐसा न बचेगा जिसे मृत्यु के ताण्डव नृत्य से भिन्न देखा जाय।

किन्तु आस्थावानों को विश्वास रखना चाहिए कि उस सर्वनाश के चरितार्थ होने में लाखों करोड़ों वर्षों की देर है। आत्म विज्ञान की शक्तियाँ भौतिक विज्ञान द्वारा रचे हुए इस अनर्थ को समय रहते रोक सकेंगी। नागासाकी और हिरोशिमा की पुनरावृत्ति अन्यत्र कहीं भी नहीं दीख पड़ेगी। वृत्रासुर किसी समय ऐसा ही विनाश रच रहा था कि दधीचि की अस्थियों से बने वज्र ने उसकी कमर तोड़ दी और उसके मनसूबे औंधे मुँह गिरकर धूलि चाटने लगे। अभी जो बादल बेतरह गरज रहे हैं वे तीव्रगामी तूफान के साथ उड़ जायेंगे। वे न हिमयुग में बदलेंगे, समुद्र में उफान लाकर धरातल को उदरस्थ ही कर सकेंगे। क्रिया की प्रतिक्रिया होती है, यह न्यूटन का नियम है। भौतिकी का दर्प दलन करने के लिए वह उद्भव हो रहा है जिसमें महाकाल की अप्रत्याशित भूमिका सम्पन्न होती देखी जा सके।

वैज्ञानिक, राजनेता, भविष्यवक्ता, अन्वेषक अपने-अपने तर्क और तथ्य आगे रखकर यह प्रमाणित करने का प्रयत्न कर रहे हैं कि महाविनाश में अब उँगलियों पर गिनने जितने समय को देर है किसी सीमा तक उठे हुए कदम अब वापस नहीं लौटेंगे। इन प्रवक्ताओं के कथन अनुमान, विश्लेषण पर कोई आक्षेप न करते हुए हमें यह पूरी हिम्मत के साथ कहने ही छूट मिली है कि आतंक के समय रहते शान्त होने की भविष्यवाणी करें और जन साधारण से कहें कि विकसित होने की अपेक्षा सृजन की बात सोचें। दुनिया यह नहीं रहेगी जो आज है। उसकी मान्यताएं, भावनाएं, विचारणाएं। आकांक्षाएं ही नहीं, गतिविधियाँ भी इस तरह बदलेंगी कि सब कुछ नया-नया प्रतीत होने लगे।

आज से पाँच सौ वर्ष पुराना कोई मनुष्य कहीं जीवित हो और आकर अबकी भौतिक प्रगति के दृश्य देखे तो उसे आश्चर्यचकित होकर रह जाना पड़ेगा और कहना पड़ेगा कि यह उसके जानने वाली दुनिया नहीं रही। यह तो भूतो की बस्ती जैसी बन गई है। सचमुच पिछले दिनों बुद्धिवाद और भौतिकवाद की सम्मिलित संरचना हुई भी ऐसी ही है जिसे असाधारण अद्भुत, अनुपम और आश्चर्यजनक परिवर्तन कहा जा सके।

ठीक इसी के समतुल्य दूसरा परिवर्तन होने जा रहा है। उसके लिए पाँच सौ वर्ष प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। इस नये परिवर्तन के लिए एक शताब्दी पर्याप्त है। आज की चकाचौंध जैसी परिस्थितियाँ और आसुरी मायाचार जैसी समस्याएँ अब इन दिनों भयावह लगती है और उनके चलते प्रवाह को देखकर लगता है कि सूर्य अस्त हो चला और निविड़ निशा से भरा अंधकार अति समीप आ पहुँचा पर ऐसा होगा नहीं। यह ग्रहण की युति है। बदली की छाया है, जिसे हटा देने वाले प्रचंड आधार विद्यमान भी हैं और गतिशील भी। लंका काण्ड की नृशंसता के उपरान्त रामराज्य का सतयुग वापस आया था। वैसी ही पुनरावृत्ति की हम अपेक्षा कर सकते हैं।

विनाश की सोचते और चेष्टा करते हुए मनुष्य का बुद्धि संसार थक जायेगा और वैभव के साधन स्रोत सूख जायेंगे। उन्हें नये सिरे से नई बातें सोचनी पड़ेगी कि प्रवाह की इस दिशा को उलट दिया जाय और उपलब्ध साधनों को सृजन के लिए लगाया जाय। ऊपर से पड़ने वाले दबाव ऐसी ही उलट फेर संभव करेंगे। उनने उलटे को उलट कर सीधा करने का निश्चय कर लिया है।

आयुध बनाने वाले कारखाने के मजदूरों और इंजीनियरों को सृजन के साधन विनिर्मित करने का नया काम मिलेगा। आयुधों से लोगों का अब पेट भर गया है मजूरों को उधार या मुक्त बाँटकर अपने कारखानों की बेरोजगारी उन्हें बरबस रोकने पड़ रही है।

अगले दिनों भूखी, प्यासी, अशिक्षित, बीमार, पिछड़ी दुनिया की आवश्यकता इतनी अधिक दृष्टिगोचर होगी कि उनकी पूर्ति के लिए युद्ध साधनों और निर्माताओं की समूची पूँजी खप जायेगी। माँग भी इतनी होगी कि सीमित मुनाफा लेकर उत्पादक को जलते तवे पर पानी की बूँदों की तरह खपाया जा सके। सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि विनाश के लिए एक छुरी या दियासलाई पर्याप्त है। पर विकास के लिए तो अनेकानेक साधन बड़ी मात्रा में जुटाने पड़ते हैं। अगले दिनों सृजनात्मक उत्पादन की हजार गुनी माँग होगी और कहीं से भी बेकारी बेरोजगारी की पूँजी जमा होने की शिकायत सुनने को न मिलेगी।

संसार भर में प्रायः दस करोड़ सैनिक और अर्ध सैनिक हैं वे युद्ध की पढ़ाई पढ़ते, परीक्षा देते और प्रतीक्षा करते रहते हैं। उन्हें इस बाल कक्षा से आगे बढ़कर उस कालेज में भर्ती होना चाहिए जिसमें वे गरीबी, अशिक्षा और बीमारी के विरुद्ध मोर्चा लगा सकें और ढहा देने वाली तोपें चला सकें। दस करोड़ अध्यापक, बागवान, चिकित्सकों को आज की दुनिया के लिए स्वर्गलोक से अवतरित होने वाले देवता समझा जाय। उन्हें मृत्यु दूत की पदवी से विरत होना पड़ेगा।

युद्धों से समस्या घटती नहीं बढ़ती ही है। घटाने और मिटाने का एक ही तरीका है। विचार विनिमय, पंच फैसला, संधि या विश्वास। यह तत्व उभरने ही वाले हैं। अण्डे में हैं तो क्या, कल वे चूजे बनेंगे, परसों मुर्गे और कुछ ही समय बीतेगा कि ब्रह्म मुहूर्त होने की बाँग लगाने लगेंगे। सोतों को जगाने की उनकी पुकार अनसुनी न की जायेगी।

विष उगलने वाले, कुँभकरण जैसी साँस लेने वाले विशालकाय कल कारखाने बन्द हो जाएंगे। वायु प्रदूषण बढ़ेगा और जल प्रदूषण का कुहराम मचेगा। एक एक, दो दो हार्स पावर की मोटरें गृह उद्योगों के माध्यम से उन वस्तुओं का उत्पादन करने लगेंगी जिनकी विलास के लिए नहीं निर्वाह के लिए आवश्यकता है। न शिक्षितों की बेरोजगारी रहेगी न अशिक्षितों की। सभी को काम मिल जायगा और भूख ही नहीं मिटेगी, वरन् उस शैतानी पर भी अंकुश लगेगा, जो खाली दिमाग होने के कारण शैतानी बनकर छाई रहती है।

शहर बिखरेंगे और गाँव सिकुड़ेंगे। बीच की स्थिति कस्बों की होगी। चारों ओर खेतों और बागों के फार्म होंगे। सिंचाई और बुवाई का ऐसा योजनाबद्ध ताना बाना बनेगा जो न केवल हरित क्रान्ति की आवश्यकता पूरी कर सकेगा वरन् पाताल गंगाओं से खींचकर रेगिस्तानों को भी इंदिरा नहर की तरह उर्वर भूमि में परिणत कर सकेगा।

आज तो उत्पादन जितना ही श्रम विक्रय में लगता है। पीछे हर कस्बे में मुहल्ले-मुहल्ले में ऐसे सुपर बाजार होंगे जहाँ एक ही जगह विक्रेताओं और खरीददारों की कुछ ही समय में अपनी आवश्यकताएँ पूरी करने का सुयोग मिल सके।

गाँवों की बसावट आज जैसी भौंड़ी न होगी वरन् वे “लार्जर फैमिली” के रूप में खेती करने वाले ऐसे परिवारों के रूप में बसे होंगे जो अपने आप में स्वावलम्बी भी होंगे और सुरुचि पूर्ण भी, सुसंस्कृत एवं सुनियोजित भी। बड़े शहरों की बड़ी गंदगी को तब जलाशयों में बहाकर पेयजल को दूषित न करना पड़ेगा वरन् कचरे को खाद में बदल लेने की पद्धति कार्यान्वित होने लगेगी। खेत उर्वर बनेंगे और गंदगी का कहीं दर्शन भी न हो सकेगा।

आज धर्मजीवी अगणित हैं। 65 लाख संत बाबा, 1 लाख प्रशिक्षित पादरी, तथा 1 लाख अन्यान्य धर्मों के पुरोहित। कुछ साधक, कुछ योगी। यह एक करोड़ का समुदाय असली धर्म की सेवा करेगा। व्यक्तित्व की प्रखरता और समाज के सुगठन के लिए जिस स्तर के लोक शिक्षण की आवश्यकता है वह नीति निष्ठा और समाज सेवा की दो गंगा-यमुना धाराओं में भली प्रकार समा जाता है। कर्मकाण्ड और जप तप व्यक्तिगत रुचि एवं आवश्यकता का विषय है। उसे ऐच्छिक छोड़ दिया जाय पर धर्म का वह पक्ष जो जनता से अपना निर्वाह भर पाता है, मात्र इसी काम में निरत रहे कि व्यक्ति का चिन्तन, चरित्र और व्यवहार शालीनता युक्त बनाये। समाज में ऐसे प्रचलन चलाने के लिए जन संपर्क साधे, जिससे सुधरे समाज की झाँकी विनिर्मित हो सके। ऐसी झाँकी जिसे धरती पर स्वर्ग का अवतरण कहा जा सके। यह संत वर्ग स्कूली शिक्षा के स्थान पर सामाजिक शिक्षा का नैतिक शिक्षा का वातावरण बनाये। परिव्राजकों की तरह बादल बन कर उन पिछड़े क्षेत्रों में पहुँचे जहाँ नव सृजन की चेतना जगाने की आवश्यकता है।

अन्यान्य गिरजाघरों-मस्जिदों, देश के अगणित देवालयों की इतनी भूमि और इतनी सम्पदा विद्यमान है जिससे कितने ही नवजीवन जगाने वाले विश्व विद्यालय चलाये जा सके।

यह एक करोड़ की धर्म सेना विश्व राष्ट्र की सम्पदा रहे और वहीं से उसे वहाँ समय समय पर, सत्याग्रह करने के लिए भेजी जाय जहाँ कहीं भी अनीति बरती जा रही है। जब विश्व राष्ट्र का समस्त संसार का शासन होगा और भौगोलिक दृष्टि से देशों का छोटे प्रान्तों की तरह पुनर्गठन होगा तो स्थानीय समस्याओं को सुलझाने के लिए मनीषियों का मंत्रिमंडल काम करेगा। इनका वालिग वोट से चयन न होगा वरन् लोक सेवी प्रतिभाओं में से उन्हें नियुक्त कर लिया जाया करेगा। अनगढ़ भीड़ द्वारा एक वालिग एक वोट के आधार पर ऐसे सूत्र संचालक नहीं चुने जा सकते जो अपने पराये का पक्षपात करने की अपेक्षा लोकहित और आदर्शों का परिवर्तन ही अपना कर्तव्य समझें।

अब बिखरे हुए, अपने क्षेत्रीय स्वार्थों की दुहाई देने वाले देशों का जमाना चला गया। अब संसार भर का एक ही विश्वराष्ट्र रहेगा। उसमें न्याय और विवेक चलेगा। न आर्थिक विषमता रहेगी न ही जातीय। हर किसी को शान्ति से रहने और रहने देने का अधिकार मिलेगा। उस वर्ग का उन्मूलन किया जायगा जो अपने परिकर और वर्ग को अनुचित लाभ दिलाने की दुहाई देकर लोगों को भड़काते और चलते हुए कार्य में बाधा डालते हैं।

कम आवश्यकताएं कम समय में पूरी हो जाने के उपरान्त सर्व साधारण को इतना समय मिल सकेगा कि वह अपना, शारीरिक मानसिक विकास करने के लिए समुचित अवसर प्राप्त कर सके, अपने संपर्क क्षेत्र में प्रगतिशीलता उत्पन्न करने वाले क्रिया कलापों में भी योग दान दे सकें।

परस्पर मिल जुलकर उपयोगी काम करने से सहज मनोरंजन हो जाता है। संगीत, साहित्य कला को प्रज्ञा और श्रद्धा को उभारने में प्रयुक्त किया जा सके तो उसमें इतने उच्च कोटि के मनोरंजन की व्यवस्था हो सकती है जिस पर आँखें व मन-मस्तिष्क खराब करने वाले सिनेमाओं को निछावर किया जा सके। प्रकृति अपने आप में इतनी अधिक सुन्दर और सुखद है कि उसकी गोदी में खेलने का आनंद उस अनुभूति की पूर्ति कर सकता है जिसके लिए कि आज हर किसी को बड़ी प्यास है। वैचारिक प्रदूषण की मुक्ति की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

मनुष्य में देवत्व उदय करने वाला और धरती का स्वर्ग जैसा वातावरण बनाने वाला समय अब निकट है। अन्धकार सिमट कर पलायन कर रहा है। ऊषा काल का अरुणोदय उल्लास का संदेश लेकर आया है। हर हृदय सरोवर में अब शतदल कमल खिलने ही वाले हैं।

( क्रमशः )


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118