किशोर भी प्रौढ़ होते हैं

January 1986

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

वायुयान के आविष्कार विल्वर राइट और आर्विल राइट बीस और तीस वर्ष की आयु के बीच ही वायुयान बनाकर, उस पर उड़ने का परीक्षण करने लगे थे। शक्तिचालित हवाई उड़ान भरने का लक्ष्य जब उन लोगों ने पूरा करके संसार को आश्चर्यचकित कर दिया तब आर्विल की आयु 32 वर्ष, बिल्वर की आयु 36 साल थी।

संत ज्ञानेश्वर ने अपनी प्रख्यात पुस्तक 15 वर्ष की आयु में लिखी थी। सिगमण्ड फ्राइड ने 29 वर्ष की आयु में मनोविज्ञान शास्त्र का प्रामाणिक ढाँचा संसार के सामने प्रस्तुत कर दिया था। चार्ल्स डार्विन ने अगणित जीव-जातियों का अध्ययन करके जब विकासवाद का क्रमबद्ध आधार खड़ा किया, तब उनकी आयु 27 वर्ष की थी। विज्ञान के महापंडित अलबर्ट आइन्स्टाइन ने 15 वर्ष की आयु में ही न्यूटन और स्थिनोजा के सिद्धांतों में प्रकांड पांडित्य प्राप्त कर लिया था। जब वे 26 वर्ष की आयु के निकट पहुँचे तो उन्होंने सापेक्षता सिद्धांत की रूपरेखा प्रस्तुत करके विज्ञान-जगत में हलचल मचा दी थी।

ऐली ह्विटवी ने 28 वर्ष की आयु में कपास ओटने की मशीन का आविष्कार किया। चार्ल्स मार्टिन हाल ने 23 वर्ष की आयु में विद्युत संश्लेषण द्वारा एल्युमिनियम उत्पादन की नई विधि पेटेंट कराई। जेम्स वाट ने 25 वर्ष की आयु में भाप इंजन की कल्पना की और 33 वर्ष का होने तक काम में आ सकने योग्य इंजन बना डाला। सैम्युअल कोल्ट ने 16 वर्ष की आयु में रिवाल्वर का लकड़ी का मॉडल बनाया। पीछे उसे धातु का बनाया और 21 वर्ष की आयु में गोली चलाने में पूरी तरह सफल रिवाल्वर बनाकर तैयार कर दी।

कला-क्षेत्र में भी कितनी प्रतिभाएँ हुई हैं, जिनने छोटी आयु में ही अपनी प्रतिभा का परिचय देना आरंभ कर दिया। माइक्लें जेलों ने 17 वर्ष की उम्र में ‘सेंटर का युद्ध’ नामक प्रतिमा बनाई। 26 वर्ष की आयु तक पहुँचते-पहुँचते उसने पियेक्त और वाक्स मूर्तियाँ गढ़कर कला-क्षेत्र में अपने लिए अतिसम्मानास्पद स्थान प्राप्त कर लिया। लुडविग फान बीठोफेन का प्रथम संगीत-ग्रंथ जब प्रकाशित हुआ तब वह मात्र 13 वर्ष का था। 23 वर्ष की आयु तक पहुँचते-पहुँचते तो वह संगीत के संसार में मूर्धन्य कलाकार गिना जाने लगा। रविंद्रनाथ टैगोर की प्रथम कविता-पुस्तक तब छपी जब वे 16 वर्ष के थे। उस प्रथम कृति की भी उस समय के साहित्य मर्मज्ञों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की थी।

सिकंदर महान 20 साल की आयु में सिंहासनारूढ़ हुआ और 27 वर्ष की आयु तक उसने दिग्विजय कर ली। महात्मा गाँधी जब दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे थे, तब वे 24 वर्ष के थे।

एलेग्जैण्डर ग्राहम बेल ने 20 वर्ष की आयु में टेलीफोन आविष्कार पर प्रयत्न आरंभ किए और 29 वर्ष की आयु में उसने सफल टेलीफोन-यंत्र को पेटेंट करा लिया। ‘बिजली का मतदान-यंत्र’ पेटेंट कराने वाले वैज्ञानिक केवल 21 वर्ष की आयु का है, यह देखकर लोग आश्चर्यचकित रह गए।

शिकागो विश्वविद्यालय के संस्थापक विलियम रैने हार्पर जब 12 वर्ष के थे, तभी उन्होंने माध्यमिक शिक्षा पूरी करके ओहियो कॉलेज में प्रवेश पा लिया था। कानूनी वयस्कता प्राप्त होने से पूर्व ही उन्होंने प्रख्यात शिकागो विश्वविद्यालय की नींव डाली। प्रभावित जनता ने पूरा साथ दिया और वह विशाल संस्था बनकर खड़ी हो गई। अन्य कॉलेज उन्हें अपने यहाँ बुलाना चाहते थे, इसलिए उनमें से 9 के विभागाध्यक्षों ने त्यागपत्र देकर उनके लिए स्थान खाली किया था।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles