आत्मविकास के चार महत्वपूर्ण सोपान - परमपूज्य गुरुदेव की अमृतवाणी

May 2001

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

(29/7/73 को शांतिकुंज परिसर में दिया गया उद्बोधन)

गायत्री मंत्र हमारे साथ-साथ-

ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो या नः प्रचोदयात्।

देवियो, भाइयो! भजन-पूजन की बात आप सुन चुके, स्वाध्याय और सत्संग की बात भी कर ली। इसके अतिरिक्त पूजापरक-उपासनापरक दो और भी आध्यात्मिक प्रयोग हैं, जो आपको करने ही चाहिए। इनमें से एक का नाम है, ‘चिंतन’ और दूसरे का नाम है, ‘मनन’। चिंतन और मनन के लिए किसी कर्मकाँड की जरूरत नहीं है, किसी पूजा-विधान की जरूरत नहीं है और किसी समय निर्धारण की जरूरत नहीं है। अच्छा तो यह हो कि इन सब कामों के लिए आप सबेरे का समय ही रखें। अध्यात्म साधना के लिए सबसे अच्छा प्रातःकाल का ही है। दूसरे कामों के लिए भी प्रातःकाल का ही हैं, यानी कि चौबीस घंटों में जो सबसे अच्छा समय हैं, वह प्रातःकाल का ही हैं। प्रातःकाल के समय को आप जिस भी काम में लगा देंगे, उसी काम में आपको बड़ी प्रसन्नता मिलेगी और सफलता भी मिलेगी।

अंतर्गुहा में प्रवेश करें

इसलिए चिंतन और मनन की एकाँत साधना के लिए अगर आप प्रातःकाल का समय निकाल पाएँ, तो बहुत अच्छा। कदाचित् प्रातःकाल का समय निकालना आपके लिए संभव न हो तो आप ऐसा करें कि और कोई समय एक साथ मनोयोगपूर्वक काम करने हेतु आप निकाल ले। जब कभी आप यह देख पाएँ कि एक आधा घंटा या पंद्रह मिनट का समय ऐसा निकलता है, जिसमें आप शांतचित्त है। इसमें मन के लिए शांतचित्त होना जरूरी है। भागदौड़ में, रास्ता चलते, चलते-फिरते कहीं भी जप कर लेंगे, नहीं, ऐसा मत कीजिए। चिंतन-मनन के लिए ऐसा संभव नहीं है। इसके लिए ऐसा स्थान होना चाहिए जहाँ बाहरी विक्षेप उत्पन्न न होता हो और आपका मन शांत और एकाग्र हो जाता हो। इसके लिए कोई मुनासिब एकाँत का स्थान मिल जाए, तो और भी अच्छा, लेकिन अगर न मिले, तो आप आँखें बंद करके भी ऐसी जगह बैठ सकते हैं, जहाँ कोलाहल न हो। आँखें बंद कर लेंगे, तब भी गुफा निवास की स्थिति बन जाती है। गुफा में चले जाना और शांत-एकाँत में चले जाना एक की बात है। अगर ऐसा संभव न हो तो आप आँखें बंद कर लें। आँखें बंद करना भी एक काम है। आँखें बंद करने से भी बहुत काम बन सकता है। आँखें बंद करने से भी बहुत काम बन सकता है। आँखें बंद कर लेने पर भीतर-ही-भीतर का दिखता है, बाहर न कुछ है और न दिखता है।

अतः आप अपनी आँखें बंद करके अपने आपको एकाँत में समाया हुआ देखें। इस समय जैसे भी काम चल सकता हो, चिंतन-मनन के लिए आप कहीं थोड़ी देर के लिए शांतचित्त से बैठ जाएं और यह समझें कि हम अकेले हैं, कोई हमारा साथी और सहकारी नहीं है। साथी अपनी जगह पर, सहकारी अपने स्थान पर, कुटुँबी अपने स्थान पर, पैसा अपने स्थान पर, व्यापार अपने स्थान पर, खेती बाड़ी अपने स्थान पर इन सबको अपने-अपने स्थान पर रहने दीजिये। आप तो सिर्फ यह अनुभव कीजिए कि हम एकाकी हैं और एकाँत में बैठे हुए हैं। फिर क्या करें? फिर आप दो तरह के विचार करना शुरू कीजिए। यह विचार करने की शैली है। यह ध्यान की शैली है। यह ध्यान की शैली नहीं हैं, यह विचारणा है। चिंतन और मनन में विचार करने की गुंजाइश हैं, मन को भागने की पूरी छूट है। ध्यान में तो एक केंद्र ही करना पड़ता है, पर इसमें एक केंद्र में नहीं कर पड़ता। इसके लिए विचार करने के लिए काफी लंबी-चौड़ी गुंजाइश है।

चिंतन अर्थात् अपनी समीक्षा

चिंतन उसे कहते हैं जिसमें भूतकाल के लिए विचार किया जाता है कि हमारा भूतकाल किस तरीके से व्यतीत हुआ। इसके बारे में आप समीक्षा कीजिए। आप अपने समीक्षा तो नहीं कर पाते, लेकिन दूसरों की समीक्षा कर अच्छी तरह जानते हैं। आप पड़ोसी की समीक्षा कर सकता है, अपनी बीबी के दोष निकाल सकते हैं, भाग्य ने गलती बता सकते हैं। कोई भी ऐसा नहीं है जिसकी आप गलती न बताते हों, लेकिन अपनी गलती? अपनी गलती पर तो आप विचार भी नहीं करते। अगर अपनी गलतियों पर विचार करना शुरू करें, अपनी स्वयं की समीक्षा करें, तो ढेरों-ढेरों चीजें ऐसी मालूम पड़ेंगी, जो हमको नहीं करनी थी। ढेरों चीजें ऐसी मालूम पड़ेंगी कि जिन कामों को हमने किया है। जिन बातों को अपनाया है, उनको नहीं अपनाना चाहिए था। यह विचार कभी आता है आपको? नहीं कभी नहीं आता।

मित्रो! मन की बनावट ही कुछ ऐसी है कि अपना जो कुछ है सो अच्छा। हमेशा मन में यही बात बनी रहती है कि अपना स्वभाव भी अच्छा, अपनी आदतें भी अच्छी, अपना विचार भी अच्छा, सब कुछ अपना ही अच्छा, अपना विचार भी अच्छा, सब कुछ अपना ही अच्छा, बाहर वालों का गलत। आमतौर से लोगों की यही मनोवृत्ति होती है और यह मनोवृत्ति गलत है। अध्यात्मिक उन्नति में यह मनोवृत्ति बहुत भयंकर है। आध्यात्मिक उन्नति में इसके बराबर अड़चन डालने वाला दूसरा और कोई व्यवधान है ही नहीं। इसलिए आप पहला काम वहाँ से शुरू कीजिए, आत्मसमीक्षा से। एकाँत में चिंतन के लिए जब आप बैठें तो आप यह विचार किया करें कि हम पिछले दिनों क्या भूल करते रहे हैं। हम रास्ता भटक तो नहीं गए, भूल तो नहीं गए। इसके लिए ही जन्म मिला था क्या? पेट के लिए जितनी जरूरत थी, उससे ज्यादा कमाते रहे क्या? कुटुँब की जितनी जिम्मेदारियाँ पूरी करनी थीं, उसके स्थान पर अनावश्यक संख्या में लोग बढ़ाते रहे क्या और जिन लोगों को जिस चीज की जरूरत नहीं थी, उनको प्रसन्न रखने के लिए उपहार रूप में लादते रहे क्या? क्यों? आखिर क्या वजह थी? यह सब गलतियाँ हैं। इनकी समीक्षा करना शुरू कीजिए।

इसी तरह अपने खान-पान के लिए, स्वास्थ्य के लिए, आहार-विहार के लिए, जैसा रखना था, वैसा ही रखा क्या? चिंतन की शैली में जैसी शालीनता का समावेश होना चाहिए था, वैसा रखा क्या? नहीं। न हमने शरीर के प्रति अपने कर्तव्य का पालन किया, न अपने मस्तिष्क के प्रति कर्त्तव्य का पालन किया, न अपने कुटुँबियों के प्रति अपने कर्तव्य का पालन किया। कर्तव्यों की दृष्टि से हम बराबर पिछड़ते हुए चले गए। अतः जहाँ-जहाँ पिछड़ते हुए चले गए, उन सबके विषय में एक बार फिर विचार कीजिए।

आत्मसुधार की प्रक्रिया

क्यों, विचार करने से क्या फायदा है? विचार करने से यह फायदा है कि गलतियाँ जब समझ में आ जाएंगी, तो सुधार की भी गुंजाइश बढ़ेगी। गलतियाँ समझ में नहीं आएंगी, तो आप सुधारेंगे ही क्यों? बीमारी का निर्धारण हो जाए, कोई चैकिंग करके पता चला ले कि आपके भीतर टी.बी. की शिकायत हैं, तभी तो आप उसका इलाज कराएंगे न? अगर आपको मालूम ही नहीं है, तो यही कहेंगे कि हमारा तो ऐसे ही शरीर ढीला हो जाता है, कोई बीमारी नहीं है। इसलिए समीक्षा जो हैं, नाड़ी परीक्षा की तरह है, उसे अपने आप ही कीजिए-भूतकाल के संबंध में। पापों को ही ‘क्राइम’ नहीं कहते। पाप उन्हें भी कहते हैं, जो कि जीवन को ठीक तरीके से जीने का क्रम हैं, उसका व्यतिक्रम भी पाप में आता है। ‘क्राइम’ तो यह है चोरी, डकैती, अपहरण, हत्या वगैरह। यह तो बुरे कर्म हैं ही, मगर यह भी कम बुरा कर्म नहीं है कि आप आलस्य और प्रमाद में ही समय काट दें। आप अपने स्वभाव को गुस्सेबाज बनाकर रखें, ईर्ष्या किया करें, चिंतन और मनन को अस्त-व्यस्त बनाकर रखें। यह भी कोई ढंग हैं? यह क्या हैं? यह भी गलतियाँ है। व्यक्तिगत जीवन में आपके गुण, कर्म, स्वभाव संबंधी गलतियाँ क्या हुई और क्राइम-अपराध, जुर्म करने के संबंध में क्या भूलें हुईं? इन दोनों के बारे में एक बार विचार किया कीजिए, यह विचार करना बहुत जरूरी है। इससे यह मालूम होता है कि हमारी गलतियाँ कहाँ हैं और इस कितनी चूक करते रहे हैं और चूक कर रहे हैं।

आत्मनिरीक्षण द्वारा इन चूकों को सुधारने वाला अगला कदम आता है-आत्मपरिष्कार अर्थात् आत्मनिरीक्षण के बाद में आत्मपरिष्कार का दूसरा नंबर आता है। सुधार कैसे करें? सुधार में बात करनी होती है? सुधार में रोकथाम करनी है, मसलन आप शराब पीते हैं, तो शराब पीना बंद कीजिए। आप बीड़ी पीते हैं, सिगरेट पीते हैं, अपना कलेजा जलाते हैं, तो अब विचार कीजिए कि अब हम कलेजा नहीं जलाएंगे। आत्मपरिशोधन इसी का नाम है कि जो गलतियाँ आपसे हुई हैं, उनके विरुद्ध आप रुकावट खड़ी कर दें, रोकथाम के लिए आमादा हो जाएं और संकल्प लें कि जो भूलें हमसे हुई हैं, अब न हों। इसके लिए स्कीम बनाएं।

अपने मन से स्वयं लड़िए

मित्रो! गलतियाँ न होने देने का तरीका क्या है? अपने अंदर जो कमजोरियाँ, कच्चाइयाँ आई हैं, उन्हें कैसे दूर करेंगे? यह कमजोरियाँ और कच्चाइयाँ जब मजबूर करेंगी कि जो ढर्रा चलता रहा है, वही चलता रहना चाहिए, तब फिर क्या करेंगे? अपने साथ में पक्षपात और रियायत करने का जब आपका मन उठे तब आप स्वयं अपने मन के विरोधी हो जाइए। मन को निग्रहित कीजिए, मन को तोड़िए-मरोड़िए, मन से लड़ाई कीजिए। मन भला आदमी है क्या, जो कहने से मान जाता है? नहीं, किसी का मन कहने से माना नहीं है। आप सबको यही शिकायत रहती है न कि हमारा मन नहीं लगता। तो फिर मन को लगाइए न। मन क्या कोई ऐसा भला आदमी है, जो अच्छे कामों में लग जाएगा? नहीं लगेगा, क्योंकि मन के ऊपर कुछ कुसंस्कार जमे हुए है। आप यह उम्मीद करते हैं कि आपका मन अच्छे कामों में लगेगा? ध्यान में लगेगा? भजन में लगेगा? नहीं लगेगा। इसको लगाना पड़ता है। जिस तरह बैल को हल में चलना सिखाना पड़ता है, घोड़े को जिस तरह जबरन तांगे में चलाना पड़ता है, जैसे सरकस के जानवरों को कोड़े मार-मारकर अभ्यास करना पड़ता है, ठीक उसी तरीके आपको अपने मन को मारना पड़ेगा, मन को मारना पड़ेगा, मन को तोड़ना-मरोड़ना पड़ेगा, मन से प्रतिद्वंद्विता करनी पड़ेगी, मन से बगावत करनी पड़ेगी। उसको सजा देने का भी जरूरत पड़ेगी, जिससे घूम-फिरकर वह सही रास्ते पर आ जाए।

प्रश्न उठता है कि अगर मन न माने तब? तब फिर अपने खाने में और सोने में किफायत कर डालिए। इतने पर भी यदि मन नहीं माना और आप जहाँ सोचना नहीं चाहते थे, जो करना नहीं चाहते थे, किया, तो आप एक समय का खाना बंद कर सकते हैं। पूरा खाना न बंद करना हो तो आप उसमें कटौती कर सकते हैं। आप चार रोटी खाते हैं और अगर आपका मन गड़बड़ी करता है, तो दो रोटी खाइए, आधा बंद कर दीजिए। कहने का तात्पर्य यह है कि आप खाने और सोने के साथ में कटौती कीजिए। रोज आप पाँच बजे उठते हैं, तो आज आप प्रातः तीन बजे उठेंगे। दो घंटे हम इसीलिए जागेंगे और टहलेंगे। जैसे मिलिट्री के सिपाही जब गलती करते हैं, तो उनको सजा बोल दी जाती है और वे मिट्टी ढोते हैं, दौड़ लगाते हैं। आप भी जगने की सजा बोल दीजिए कि हम दो घंटे जगेंगे। रोज नौ बजे सोते हैं, तो आज हम ग्यारह बजे सोएंगे, बाहर टहलते रहेंगे, रामायण पढ़ते रहेंगे, नींद से लड़ेंगे। क्यों? यह दंड है।

मित्रो! अपने आपको दंड देने की पद्धति भी आवश्यक है। इसके बिना सुधार होना संभव नहीं है। दंड की प्रक्रिया भी जरूरी है। समझाने भर से ही कहाँ मान जाते हैं, खासतौर से दुराग्रही लोग, दुराग्रही जानवर और दुराग्रही मन। खासतौर से दुराग्रही मन से आप यह उम्मीद मत कीजिए कि आपके कह देने से, पढ़ लेने से या सुन लेने से या समझा देने से बात बन जाएगी। ऐसे नहीं बनेगी। इसके लिए आपको लड़ना पड़ेगा। मन के साथ बगावत को क्या करना है और उस खाई को कैसे पाटना है, यह तभी तो करेंगे जब पिछली बाते याद आएँ। पिछली बातें याद करने का नाम हैं, ‘चिंतन’। चिंतन आप जरूर किया कीजिए।

मनन भी उतना ही जरूरी

दो बातें हो गई न। एक हो गया आत्मनिरीक्षण और एक हो गया, आत्मपरिष्कार या आत्मपरिशोधन। यह हो गया चिंतन। चिंतन की दो ही धाराएँ हैं, गलतियों को याद करना और गलतियों को सुधारने के लिए हिम्मत इकट्ठी कर लेना और तदनुरूप कार्यपद्धति बना लेना। इस तरह एकाँत का आधा काम समाप्त। इस एकाँत सेवन के चिंतन को याद कीजिए। इसके बाद दूसरा वाला कदम उठाइए। यह दूसरा कदम हरदम आपको एकाँत में बैठकर उठाना पड़ेगा। इसका नाम है ‘मनन’। मनन क्या है? मनन के भी दो हिस्से हैं। जिस तरह चिंतन के दो हिस्से हैं, उसी तरह मनन के दो हिस्से हैं। इनमें से एक का नाम हैं, ‘आत्मनिर्माण और दूसरे का नाम है आत्मविकास आत्मनिर्माण क्या है? आत्मनिर्माण उसे कहते हैं कि जो चीज आपके पास नहीं है या जो उच्चस्तरीय गुण, कर्म, स्वभाव आपके व्यक्तित्व में शामिल नहीं है, वह शामिल कीजिए। मसलन आप पढ़े-लिखे नहीं हैं, विद्या नहीं है आपके पास, तो आप कोशिश कीजिए कि आपको विद्या पढ़नी है। हम ईमानदारी से रहते हैं, बीड़ी भी नहीं पीते? आपकी बात सही है, लेकिन मैं यह पूछता हूँ कि विद्या की जो कमी हैं, उसे आप पूरा क्यों नहीं करते? विद्या की कमी को आप पूरा नहीं करेंगे, तो उन्नति कैसे होगी? आपके ज्ञान का दायरा कैसे बढ़ेगा? बुद्धि का विकास कैसे होगा? इसलिए यहाँ आत्मनिर्माण के लिए भी ढेरों काम करने हैं।

आपका स्वास्थ्य कमजोर हैं, तो इसी से काम नहीं चल जाएगा कि आप पहले बीड़ी पीते थे और अब पीना बंद कर दिया है। बीड़ी पीना तो बंद करना ही पड़ेगा, पर साथ में एक काम और करना पड़ेगा। स्वास्थ्य संवर्द्धन करने के लिए आपको अपने आहार में क्रांतिकारी परिवर्तन करना पड़ेगा, ब्रह्मचर्य का पालन करना पड़ेगा और व्यायाम का कोई नया तरीका अख़्तियार करना पड़ेगा। ये जो नए तरीके अख़्तियार करना है, इसके लिए, प्रगति के लिए यह सब कार्य आत्मनिर्माण में आते हैं। कमी को सुधारने से थोड़े ही काम चल जाएगा, कमी को पूरा भी तो करना पड़ेगा। विद्या को आप नहीं पढ़ेंगे, स्वास्थ्य को आप नहीं सुधारेंगे, जनसंपर्क नहीं बढ़ाएंगे, सेवा के लिए कदम नहीं बढ़ाएंगे, तो काम कैसे बनेगा? अतः जो काम करने हैं, वह तो करने ही पड़ेंगे। आप अपनी गलती को सुधारिए और अपनी योग्यताओं को, अपनी क्षमताओं को और अपनी भावनाओं को विकसित कीजिए। इसी को हम ‘आत्मनिर्माण’ कहते हैं।

आत्मनिर्माण में बराबर यह देखना पड़ेगा कि हमारे जीवन में क्या कमी है और उस कमी को कैसे पूरा करें? इसके लिए अपने स्वभाव को, अपनी आदतों को हम ठीक बनाएँ। निर्माण का मतलब बनाना होता है। अपने आप को बनाइए। अपने स्वास्थ्य को बनाइए। अपने व्यक्तित्व को बनाइए। अपने चरित्र को बनाइए। अपने स्वभाव को बनाइए। अपनी कार्यशैली को बनाइए। प्रत्येक चीज को बनाइए। इन सबको बनाने के अतिरिक्त एक और बात का ध्यान रखिए, आप अपने कुटुँब को बनाइए। निर्माण उसका भी जरूरी है। हम अकेले संत बन जाएंगे और रामायण पढ़ेंगे, मिठाई नहीं खायेंगे। आपका कहना ठीक हैं, परंतु वह भी तो आपका ही अंग है। जो कुटुँब है, वह भी तो आपके साथ जुड़ा हुआ है, निर्माण उसका भी करना पड़ेगा। अगर आप उसका निर्माण नहीं करेंगे, तो सारे-के-सारे आपके घर वाले कमीने, उजड्ड, मूर्ख, दुष्ट बनकर रहेंगे। ऐसी स्थिति में आपकी शांति कैसे स्थिर रहेगी? फिर आप भजन कैसे कर लेंगे? फिर आप अच्छी जिंदगी कैसे जी लेंगे? फिर आप मीठे वचन का अभ्यास कैसे कर लेंगे? जब हर आदमी हैरान करेगा, तो आपको गुस्सा कैसे नहीं आएगा?

इसलिए मित्रो! क्या करना चाहिए? अपना व्यक्तिगत जीवन सुख और शांतिमय बनाने के लिए अपने कुटुँब और परिवार के बारे में ठीक वही नीति निर्धारण कीजिए, जो कि अपने बारे है। कुटुँबी भी तो अपने अंग है, ठीक उसी तरीके से जैसे अपने हाथ-पैर हैं। आप यदि कहें कि हम हाथ को तो धोएंगे, पर पैर नहीं धोएंगे। यह क्या बात हुई, आप पैर को क्यों नहीं धोएंगे? आपको पैर भी धोना पड़ेगा। इस तरीके से अपने व्यक्तिगत जीवन को ही अच्छा बनाना पर्याप्त नहीं है। अपने कुटुँब और परिवार का निर्माण करना भी इसी शृंखला में शामिल होता है और समाज निर्माण भी। इन सबको बनाइए, इनके भीतर भलमनसाहत पैदा कीजिए, आदर्श पैदा कीजिए, चरित्र पृष्ठ पैदा कीजिए, सत्प्रवृत्तियाँ पैदा कीजिए।

सबसे बड़ा निर्माण-आत्मनिर्माण

आप संपन्न बन जाएँ या न बन पाएँ, इससे कुछ बनता बिगड़ता नहीं है। गरीबी में भी लोगों ने शानदार जिंदगियाँ जी है और अमीर रहते हुए भी आदमी ने इतने कलह उत्पन्न किए हैं कि वे स्वयं तो मरे ही हैं, दूसरों को भी मार डाला है। इसलिए संपन्नता की बात मैं आपसे नहीं कहता। निर्माण से मेरा मतलब गुण, कर्म, स्वभाव से है। आप इन विशेषताओं को, आदमी की शालीनता को, आदतों को और चिंतन की शैली को बदलने के लिए जो कुछ कर सकते हैं, वह सब कुछ कीजिए, लेकिन परिवार के लिए भी कीजिए। परिवार के पंचशीलों में ‘श्रमशीलता’ का नाम आता है, सुव्यवस्था का नाम आता है, मितव्ययिता का नाम आता है, सहकारिता, शालीनता का नाम आता है। यह सब बाते उसमें आती है। आप इन सब बातों का स्वयं निर्धारण कीजिए और घरवालों को धारण करवाइए। यह व्यक्तित्व के निर्माण, चरित्र के निर्माण, चिंतन के निर्माण करने का एक शानदार तरीका है। आप इसको किस तरीके से कार्यान्वित कर सकते हैं, इसके बारे में एकाँत में चिंतन और मनन करने जब बैठें, तब यह विचार किया कीजिए। यह तीसरी वाली बात निर्माण वाली धारा है।

चौथी वाली एक और धारा है, जिसे ‘मनन’ का दूसरा हिस्सा कह सकते हैं अथवा चिंतन-मनन की चौथी वाली कड़ी कह सकते हैं। उसका नाम है, ‘आत्मविकास’ आत्मविकास का क्या मतलब है? आत्मविकास का यह मतलब है कि अपने आपका, अपने ‘अहं’ के दायरे को बढ़ा देना। लोगों का दायरा कूप-मंडूक के तरीके से बहुत छोटा है। वे अपने शरीर को ही अपना मानते हैं। यह नहीं मानते कि हम समग्र समाज के एक घटक मात्र हैं। रक्त के एक कण की क्या कीमत हो सकती है? रक्त के सारे कण, का समूह जब मिल जाता है, तभी तो खून का संचार होता है। एक कण से क्या होता है, संयुक्त होने पर ही बात बनती है। इसलिए आप अपने दायरे को सीमित मत कीजिए, आप संकीर्ण स्वार्थपरता से ऊँचे उठने की कोशिश कीजिए। अपने ‘मैं’ के स्थान पर आप ‘हम’ कहना सीखिए। आप ‘मैं-मैं’ करते रहेंगे, तो आप बकरे की तरह सीमित जाएँगे और कूप मंडूक के तरीके से एक ऐसे छोटे दायरे में घिरे रहेंगे, जिसमें आप और आपका कुटुँब, बस ही आदमी रह जाएंगे। आपका समाज से अथवा भगवान् से कोई संबंध ही नहीं रह जाएगा, इसलिए अपने आपका दायरा विकसित कीजिए।

आत्मवत् सर्वभूतेषु की भावना

“हम सबके है और सब हमारे हैं” इस तरीके से विचार कीजिए। आप “आत्मवत् सर्वभूतेषु” इस तरीके से विचार कीजिए। यह सारा संसार हमारे की समान है। इसी के सहयोग से हम जिंदा है। अतः हमारा सहयोग सबको मिलना चाहिए। अगर आप इस तरह से विचार करेंगे, तो आप समाजनिष्ठ होते चले जाएंगे, चरित्रवान नागरिक होते चले जाएंगे, देश, धर्म, समाज और संस्कृति के प्रति आप अपना लगाव व्यक्त करने लगेंगे और उनकी समस्याओं को भी अपनी समस्या मानने लगेंगे। यह क्या हो गया आत्मा का विस्तार। आत्मा का विस्तार यही है जिसको कि हम आध्यात्मिक उन्नति के नाम से पुकारते हैं। आत्मिक प्रगति के नाम से पुकारते हैं, यही वह रास्ता है, जिस पर चलते हुए आदमी का पूर्ण लक्ष्य तक पहुँचाना संभव है। आपके लिए भी यही रास्ता है।

मित्रो! आपके लिए एवं सभी के लिए एक ही रास्ता है अपने आपके दायरे को बढ़ा देना। संतों ने यही किया था, महापुरुषों ने यही किया था। वे अपने लिए नहीं जिए। समाज के लिए जिए, देश, धर्म और संस्कृति के लिए जिए। सबके दुःखों में शामिल हुए, औरों के दुःख बँटाते रहे और अपने सुख बाँटते रहे। अपने सुखों को बाँट देना और दूसरों के दुखों को बंटा लेना, यहीं कौटुँबिक प्रवृत्ति है। आप अपनी प्रवृत्तियों को कौटुँबिक बनाइए, पारिवारिक बनाइए। अपने परिवार को जिस तरह आप अपना समझते हैं, ठीक उसी तरीके से सारे समाज को भी अपना समझिए, सारे देश के अपना समझिए, सारी मानव जाति को, प्राणिमात्र को अपना समझिए और अपना दायरा बढ़ाइए।

मित्रो! जो चीजें आपको अपनी मालूम पड़ती हैं, उनसे प्रसन्नता होती है और उनको आप अपना समझते हैं। लेकिन अगर आप सबको अपना मान लें तब? आपको कितना गौरव और प्रसन्नता का अनुभव होगा, कह नहीं सकते। तब सूरज भी आपका, चाँद भी आपका, सितारे भी आपके, नदी भी आपकी, पहाड़ भी आपके, जमीन भी आपकी, सारे इन्सान भी आपके, सारे कुटुँब भी आपके, सारा संसार भी आपका। इस तरह अपना दायरा चौड़ा कर लें तब? तब आपकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। अभी तो आपने थोड़े-से लोगों को, थोड़ी-सी वस्तुओं को आपने अपना माना है। उससे भी कुछ-न-कुछ तो आपको राहत मिलती है, प्रसन्नता होती है, लेकिन जिस दिन आप सबको अपना मानने लगेंगे और अपने को सबका मानने लगेंगे, तब आप देखना कि आपको कैसा मजा आता है, कितना आनंद आता है और जीवन में, गतिविधियों में कैसा हेर-फेर होता है और आपकी प्रसन्नता किस तरीके से जमीन से आसमान को छूने लगती है। इस तरह आप अपने अंदर ऐसी स्थिति पैदा कीजिए।

संक्षेप में कहे तो चिंतनपरक-आत्मसमीक्षा एक, आत्मसुधार दो और मननपरक आत्मनिर्माण एक और आत्मविकास दो। दो मनन की धाराएँ और दो चिंतन की धाराएं चारों को मिला दीजिए। यह चारों वेदों का सार है। यह चारों दिशाओं से भगवान् के बरसने वाले अनुदानों को प्राप्त करने का सही तरीका है। आपकी उपासना में चिंतन और मनन का भी स्थान रहना चाहिए और न केवल स्थान रहना चाहिए, बल्कि उसे मजबूती से पकड़े रहना चाहिए। छोड़ना किसी भी कीमत पर न हो, अगर आपका ऐसा संकल्प हो तो आप अध्यात्म जीवन में तेजी से आगे बढ़ेंगे और वह लाभ प्राप्त करेंगे जो अध्यात्मवाद की शक्ल में प्राप्त होते रहें हैं।

॥ॐ शांति॥


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118