यह समय चूकने का है नहीं

October 1990

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

आमतौर पर भक्तजन भगवान को पुकारते और उनकी सहायता के लिए विनयपूर्वक गिड़-गिड़ाते रहते हैं। पर कभी-कभी ऐसे समय भी आते हैं जब भगवान उन भक्तजनों से आवश्यकता याचना करते हैं और बदले में उन्हें इतना महत्व देना पड़ता है, जो उनकी अपनी महत्ता से भी बढ़-चढ़ कर होता है।

हनुमान की वरिष्ठता के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करने पर राम-लक्ष्मण उन्हें खोजने ऋष्यमूक पर्वत पर पहुँचे थे और येन-केन प्रकारेण उन्हें सीता की खोज में सहायता करने के लिए सहमत किया था। गंगाघाट पर करने के लिए केवट की सहायता आवश्यक हो गई थी। इसलिए केवट को उन्होंने आग्रहपूर्वक सहायता करने के लिए किसी प्रकार मनाया। आड़े समय में काम आने वाले जटायु को छाती से लगाकर कृतज्ञता व्यक्त की, उसकी अनुभूति हर सुनने वाले को भाव-विभोर कर देती है। समुद्र पर पुल बाँधने में जिन निहत्थे रीछ वानरों ने सहायता की, उनकी उदार चेतना को हजारों लाखों वर्ष बीत जाने पर भी कथाकारों ने भुलाया नहीं है।

महाभारत अभीष्ट था। उसकी बागडोर संभालने के लिए अर्जुन जैसे मनस्वी का आवश्यकता थी। अर्जुन से पूछा गया तो वह अचकचाने लगा। कभी भीख माँग कर खा लेने, कभी कुटुम्बियों पर हथियार न उठाने का सिद्धांतवाद तर्क रूप प्रस्तुत करने लगा। भगवान ने उसके मन की कमजोरी पढ़ी और भर्त्सनापूर्वक कटु शब्दों में दबाव डाला कि उसे उस कठोर कार्य में उद्यत होना ही चाहिए। यों भगवान सर्व शक्तिमान होने से महाभारत को अकेले भी जीत सकते थे पर अर्जुन को श्रेय देना था जो सच्ची मित्रता का तकाजा था। उसे यशस्वी भी तो बनाना था। इसलिए संग्राम के मध्य खड़े होकर अर्जुन को सुविस्तृत दर्शनशास्त्र समझाते हुए अपने प्रयोजन में भागीदार बनने के लिए सहमत करना ही पड़ा। अर्जुन घाटे में नहीं, नफे में ही रहा।

सुदामा बगल में दबी चावल की पोटली देना नहीं चाहते थे, संकुचा रहे थे, पर उनने उस दुराव को बलपूर्वक छीना और चावल देने की उदारता परखने के बाद ही द्वारिकापुरी को सुदामा पुरी में रूपांतरित किया। भक्त और भगवान के मध्यवर्ती इतिहास की परंपरा यही रही है। पात्रता जाँचने के उपरान्त ही किसी को कुछ महत्वपूर्ण मिला है। जो आंखें मटकाते आँसू बहाते, रामधुन की ताली बजाकर बड़े-बड़े उपहार पाना चाहते हैं, उनकी अनुदारता खाली हाथ ही लौटती है। भगवान को ठगा नहीं जा सकता है। वे गोपियों तक से छाछ प्राप्त किये बिना अपने अनुग्रह का परिचय नहीं देते थे। जो गोवर्धन उठाने में सहायता करने की हिम्मत जुटा सके, वही कृष्ण के सच्चे सखाओं में गिने जा सके।

यह समय युग परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण कार्य का है। आदर्शवादी कठोर सैनिकों के लिए परीक्षा की घड़ी कहा जाय, तो इसमें कुछ अत्युक्ति नहीं समझी जानी चाहिए। पुराना कचरा हटता है और उसके स्थान पर नवीनता के उत्साह भरे सरंजाम जुटते हैं। यह महान परिवर्तन की, महाक्राँति की बेला है। इसमें कायर, लोभी, डरपोक और भाँड़ आदि जहाँ-तहाँ छिपे हों, तो उनकी ओर घृणा, तिरस्कार की दृष्टि डालते हुए उन्हें अनदेखा भी किया जा सकता है। यहाँ तो प्रसंग हथियारों से सुसज्जित सेना का चल रहा है। वे ही यदि समय की महत्ता आवश्यकता को, न समझते हुए जहाँ-जहाँ मटरगस्ती करते फिरें और समय पर हथियार न पाने के कारण समूची सेना को परास्त होना पड़े, तो ऐसे व्यक्तियों पर हर किसी का रोष ही बरसेगा, जिनने आपात स्थिति में भी प्रमाद बरता और अपना तथा अपने देश वे गौरव का मटियामेट करके रख दिया।

जीवन्तों, जाग्रतों और प्राणवानों में से प्रत्येक को अनुभव करना चाहिए कि यह ऐसा विशेष समय है जैसा कि हजारों-लाखों वर्षों बाद कभी एक बार आता है। गाँधी के सत्याग्रही और बुद्ध के परिव्राजक बनने का श्रेय, समय निकल जाने पर अब कोई किसी भी मूल्य पर नहीं पा सकता। हनुमान और अर्जुन की भूमिका हेतु फिर से लालायित होने वाला कोई व्यक्ति चाहे कितने ही प्रयत्न करे, अब दुबारा वैसा अवसान हस्तगत नहीं कर सकता। समय की प्रतीक्षा तो की जा सकती है पर समय किसी की भी प्रतीक्षा नहीं करता। भगीरथ, दधीचि और हरिश्चन्द्र जैसा सौभाग्य अब उनसे भी अधिक त्याग करने पर भी पाया नहीं जा सकता।

समय बदल रहा है। प्रभातकाल का ब्रह्म मुहूर्त अभी है। अरुणोदय के दर्शन अभी हो सकते हैं। कुछ घण्टे ऐसे हैं उन्हें यदि प्रमाद में गँवा दिये जायें तो अब वह गया समय लौटकर फिर किस प्रकार आ सकेगा? युग परिवर्तन की बेला ऐतिहासिक, असाधारण अवधि है। इसमें जिनका जितना पुरुषार्थ होगा, वह उतना ही उच्चकोटि का शौर्य पदक पा सकेगा। समय निकल जाने पर, साँप निकल जाने पर लकीर को लाठियों से पीटना भर ही शेष रह जाता है।

इन दिनों मनुष्य का भाग्य और भविष्य नये सिरे से लिखा और गढ़ा जा रहा है। ऐसा विलक्षण समय कभी हजारों-लाखों वर्षों बाद आता है। इसे चूक जाने वाले सदा पछताते ही रहते हैं और जो उसका सदुपयोग कर लेते हैं वे अपने आपको सदा सर्वदा के लिए अजर अमर बना लेते हैं। गोवर्धन एक बार उठाया गया था। समुद्र पर सेतु भी एक ही बार बना था। कोई यह सोचता रहे कि ऐसे समय तो बार-बार आते ही रहेंगे और हमारा जब भी मन करेगा, तभी उसका लाभ उठा लेंगे, तो ऐसा समझने वाले भूल कर ही रहें होंगे। इस भूल का परिमार्जन फिर कभी कदाचित ही हो सके।

लोग अपने पुरुषार्थ से तो अपने अनुकूल परिस्थितियां उत्पन्न करते ही रहते हैं,पर भगवान के उपायों का श्रेय मनुष्य को अनायास ही मिल जाय, ऐसा कदाचित ही कभी होता है। अर्जुन का रथ एक बार ही कृष्ण ने चलाया था। वे उसके केवल, मात्र सारथी नहीं थे कि जब हुकुम चलाया, तभी उनसे वह काम करा लिया। भगवान राम और लक्ष्मण को कंधों पर उठाये फिरने का श्रेय हनुमान को एक ही बार मिला था। वे जब चाहते तभी हनुमान हठी बनकर उन्हें कंधों पर बिठाते और सैर कराते, ऐसे अवसर चाहे कभी भी मिल जाते रहेंगे, ऐसी आशा सदा सर्वदा किसी को भी नहीं करनी चाहिए।

ब्रह्मा ने सृष्टि एक बार ही रची थी। उसके बाद तो वह ढर्रा ज्यों-त्यों करके अपने ढंग से चलाता ही आ रहा है। नए युग का सृजन इन्हीं दिनों हो रहा है। समुद्र मंथन एक बार ही हुआ 14 रत्न एक बार ही निकले थे। वैसी घटनाएँ जब मन आये तभी घटित कर दी जायेंगी, यह आशा नहीं करनी चाहिए।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118