स्वास्थ्य रक्षा में सूर्य किरणों का उपयोग

June 1983

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

प्रकाश क्या है? देखने में उसे सफेद चमक भर कहा जाता है, पर विश्लेषण करने पर उसके अन्तराल में कुछ विशिष्ट शक्तिधाराओं का समुच्चय पाया जाता है। इन्हें रंग कहते हैं। सूर्य किरणों में सात रंग हैं इसलिये सविता देवता को सात अश्वों के रथ में सवार होकर परिभ्रमण करते हुए निश्चित किया गया है। किरणों का विश्लेषण करने या उन्हें सात विशेषताओं से युक्त- सात रंगों के रूप में देखा गया है।

इन रंगों की अपनी-अपनी विशेषता है। उन सबके पृथक-पृथक प्रभाव शरीर और मन पर पड़ते हैं। इसलिये उनका उपयोग इसी प्रकार करने के लिये परामर्श दिया जाता है जैसे कि भोजन से आवश्यक तत्वों का समन्वय रखने का प्रतिपादन किया जाता है।

मनुष्य जीवन की एक अविज्ञात आवश्यकता प्रकाश की है। प्रकाश के साथ गर्मी भी जुड़ी होती है। दोनों के समन्वय से विस्तार एवं हलचल का लाभ मिलता है। इसके अभाव में जड़ता छाने लगेगी और विकास विस्तार का क्रम अवरुद्ध हो जायेगा। अपने सौर मण्डल को ही लें। अधिक दूरवर्ती नेपच्यून, प्लेटो, यूरीनस ग्रह और उनके उपग्रह सूर्य प्रकाश का वैसा लाभ नहीं पाते जैसा कि समीपवर्ती पृथ्वी आदि को मिलता है। यही कारण है कि उन दूरवर्ती ग्रहों में ठण्डक की चरम सीमा है। वहाँ न जीवन है न वनस्पति। गति भी उनकी धीमी है। दिन में प्राणियों और वनस्पतियों को गतिशील रहते तथा विकसित होते देखा जाता है जबकि रात्रि के अन्धेरे में सर्वत्र सन्नाटा छाया रहता है। और प्रगति के हर क्षेत्र में विराम जैसा लग जाता है।

धरती पर जीवन का अवतरण स्थानीय रासायनिक सम्पदा के साथ सूर्य ऊर्जा का सम्मिश्रण होने पर ही सम्भव हुआ है। यदि यह सुयोग न बना होता तो फिर नेपच्यून प्लेटो ग्रहों की तरह धरती भी शून्य तापमान से नीचे की स्थिति में रहकर निर्जीव स्थिति में दिन गुजार रही होती। सूर्य को जीवन कहा गया है। पुराणों में आदित्य का पति के और पृथ्वी का पत्नी के रूप में वर्णन हुआ है और प्राणियों की उत्पत्ति उन्हीं दोनों के सुयोग से सम्भव हुई बताई गई है। वैदिक प्रतिपादन में सूर्य ही इस जगत की आत्मा है।

सूर्य किरणें सात रंग के रूप में धरती पर उतरती हैं। उन सभी की अपनी-अपनी विशेषताएँ हैं। जो पदार्थ जिन किरणों को अधिक मात्रा में ग्रहण करता है वह उसी रंग का दृष्टिगोचर होने लगता है। यह हमारी आंखों की कमी है जिसके कारण प्रकाश केवल सफेद ही दिखता है। वस्तुतः उसमें सात रंगों का सम्मिश्रण है। जिसे इन्द्रधनुष के रूप में किरणों पर जल-कण चमकते समय देखा जा सकता है। विशेष प्रकार के काँच पर भी यह रंग प्रतिबिम्बित होते हैं।

सूर्य किरणों के माध्यम से धरती पर आने वाले सप्त रंगों को सप्त अश्व कहा गया है और उस रथ पर सवार होकर उनके परिभ्रमण का वर्णन किया गया है। हर रंग की अपनी-अपनी विशेषता है। वस्तुओं के गुण धर्मों में इसी आधार पर भिन्नता पाई जाती है।

मानवी शरीर पर भी इन रंगों की मात्रा न्यूनाधिक हो जाने से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है। जिस प्रकार आवश्यक रासायनिक पदार्थ कम होने पर कई प्रकार के रोग एवं असन्तुलन उत्पन्न होते हैं उसी प्रकार प्रकाश रंगों की उपयुक्त मात्रा में कारण वश कमीवेशी हो जाने पर भी स्वास्थ्य संकट उत्पन्न होता है। अतएव जहाँ चिकित्सा उपचार में वनस्पतियों, क्षारों तथा खनिजों का उपयोग करके तद् विषयक घट-बढ़ को ठीक किया जाता है उसी प्रकार विज्ञजन रंगों की न्यूनाधिकता हो जाने के सम्बन्ध में भी जाँच पड़ता है और उस क्षति पूर्ति के लिये किये गये प्रयत्नों को रंग चिकित्सा का नाम देते हैं।

रंगीन वस्तुएँ प्रायः उन्हीं रंगों की किरणें अपने में ग्रहण एवं धारण करती हैं जिसकी वे स्वयं होती हैं। इस प्रकार रंगे हुए कपड़े कपड़े या पदार्थ न केवल नेत्रों को आकर्षक प्रतीत होती है वरन् अपने स्तर की विशेषताओं से भरे रहने के कारण जहाँ रहते हैं या जिनके प्रयोग में आते हैं उन्हें प्रभावित करते हैं। गन्धों की तरह रंगों का भी अपना प्रभाव है। फिनायल, किरासिना, सड़न, इत्र, पुष्प आदि की भली-बुरी गंध मनुष्य पर अपने-अपने ढंग से प्रभाव डालती है इसलिये उनसे बचने या समीप रखने का प्रयत्न किया जाता है। यही बात रंगों के सम्बन्ध में भी समझी जानी चाहिये। विशेष शारीरिक मानसिक स्थिति में विशेष रंगों से दूर रहने या समीप रखने का परामर्श इसी आधार पर दिया जाता है।

ठण्ड जनित रोगों में लाल रंग का उपयोग करने से ऊष्मा बढ़ती है। रक्त विकार एवं चर्म रोगों में भी इसका उपयोग किया जाता है। रक्त की कमी, उदासी, निराशा की मनःस्थिति में भी लाल रंग के कपड़े पहनने तथा उसमें रंगी वस्तुओं को संपर्क में रखने से लाभ होता है। उस रंग के गिलास में पानी पीने की भी उपयोगिता बताई जाती है। गठिया, लकवा, सूजन दर्द में भी उसका उपचार प्रयोग होता है।

पीला रंग पाचक माना गया है। पेट के अपच या अन्य अवयवों की परिपाक प्रक्रिया शिथिल हो जाने पर उसका उपयोग हितकर होता है। फलों में से अधिकाँश पीले होते हैं। आम, नींबू, पपीता, बेर, लुकाट, मकोय में अन्य गुणों के अतिरिक्त पाचन में सहायता करने की भी विशेषता है। बलगम, बुखार, खुजली आदि रोगों में जमी हुई विकृतियाँ प्रधान कारण होती हैं। उन्हें निकाल बाहर करने में पीला लाभदायक माना गया है।

नीला रंग शीतल है उसे गर्मी शान्त करने के लिए प्रयुक्त किया जाता है। शिर दर्द, नेत्र रोग, जलन, अनिद्रा रक्तचाप, उत्तेजना, जैसे रोगों को उष्णता प्रधान माना जाता है। इसलिए उनकी निवृत्ति के लिए नीला रंग उपयुक्त समझा गया है। लू लगने, फोड़ा-फुन्सी उठने, जहरीले कीड़ों के काट लेने पर इस रंगा का कपड़ा पानी में भिगोकर पीड़ित अंग पर रखने से ठण्डक की अनुभूति होती है। सूखी खाँसी, श्वास में भी उस रंग के उपयोग से राहत मिलती है।

प्रमुख रंग तीन ही हैं लाल, पीला, नीला। इन्हीं के सम्मिश्रण से अनेक रंग बनते हैं। पीले और नीले के सम्मिश्रण से हरा-पीले और लाल के मिलने से नारंगी। नीले और लाल के मिलने से कत्थई रंग बनते हैं। इस मिश्रण में उनकी मात्राएं न्यूनाधिक होने से भी रंग बदलते हैं। उसी आधार पर उनके गुणों का भी मिश्रण होता है और तद्नुरूप प्रभाव परिणाम में भी अन्तर आता है।

किस रंग की शरीर में कमी है इसका अनुमान इस आधार पर भी लगाया जाता है कि व्यक्ति की पसन्दगी किस रंग की ओर अधिक आकर्षित होती है। खान-पान के सम्बन्ध में देखा गया है कि जिन रासायनिक पदार्थों की शरीर में कमी पड़ती है उन्हें खाने के लिए मन विशेष रूप से चलता है। इच्छित वस्तु पाने पर इन्हें तृप्ति ही नहीं मिलती, आवश्यकता की पूर्ति होने पर रोग से निवृत्ति भी मिलती है। इसी प्रकार रंगों के सम्बन्ध में भी है। कौन किसे पसन्द करता है इस रुचि भिन्नता को देखकर भी अनुमान लगाया जाता है कि किसे किस तत्व की आवश्यकता पड़ रही है।

गुणों को बढ़ाने के सम्बन्ध में भी रंगों की उपयोगिता है। पीला सात्विक, नीला राजसिक और लाल तामसिक माना जाता है। प्रकृति की परख और गुणों की वृद्धि के लिए भी रंगीन वस्त्रों तथा उपकरणों का प्रयोग किया जाता है। ब्रह्मचारी, वानप्रस्थ, साधु प्रकृति के धर्म परायण लोग पीले वस्त्र धारण करते हैं। भगवान राम एवं कृष्ण का वर्ण नील कमल जैसा माना गया है। आकाश एवं समुद्र का रंग भी नीला है उन्हें वैभव एवं वर्चस्व का प्रतीक मानते हैं। रक्तपात में खून खच्चर लाल रंग का होता है। आग लाल रंग की होती है। क्रोध में आंखें लाल हो जाती हैं। इनमें तमोगुण का दर्शन होता है। इन रंगों के उपयोग से उपरोक्त गुण स्वभाव घटाये या बढ़ाये भर जा सकते हैं।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118