भाग्य अपने हाथों बनाइये

March 1965

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

वैयक्तिक शक्ति से परे, सनातन सत्ता को यदि स्वीकार न करें तो इसे हमारा अहंकार ही माना जायगा। यह भूल मनुष्य को करनी भी नहीं चाहिए। इस सृष्टि के कण-कण का विधान परमात्मा के हाथ में है। उसे चाहे अटल नियम कहें, काल कहें, विधाता या परमेश्वर कहें बात एक ही है। उसे मानना अवश्य पड़ता है, इससे बुद्धि को एक स्थिति प्राप्त होती है। इससे बिना मनुष्य को न तो विश्राम मिलता है, न अहंकार छूटता है। बुद्धि भी भ्रमित रहती है।

किन्तु मनुष्य का निज का भी अपने भाग्य-विधान से कुछ संबंध अवश्य है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि मनुष्य स्वाधीन नहीं है, उसका जीवन परमात्मा के विधान के अनुसार ही चलता है। न्याय की दृष्टि से उसका विधान भी स्वतंत्र होना चाहिए। यह बात ठीक भी है। ईश्वर ने कर्म-फल का एक सुदृढ़ नियम बना दिया है। इसी के अनुसार मनुष्य का भाग्य बनता बिगड़ता है।

भ्रम इस बात से पैदा हो जाता है कि कई बार प्रत्यक्ष रूप से कर्म करने पर भी विपरीत परिणाम प्राप्त हो जाते हैं, तो लोग उसे भाग्य-चक्र मानकर परमात्मा को दोष देने लगते हैं। किन्तु यह भाग्य तो अपने पूर्व संचित कर्मों का ही परिणाम है। यहाँ मनुष्य जीवन के विराट् रूप की कल्पना की गई है और एक जीवन का दूसरे जीवन से संस्कार-जन्य संबंध माना गया है। इस दृष्टि से भी जिसे आज भाग्य कहकर पुकारते हैं, यह भी कल के अपने ही कर्म का परिणाम है। सृष्टि के प्राणियों में चेष्टा न हो तो अब तक जो ऐतिहासिक विकास हुआ है उसकी कल्पना न की जा सकती थी।

भाग्य का रोना रोने का अर्थ तो इतना ही समझ में आता है कि हम अपने कर्म के लिये सचेत नहीं हो पाये हैं। अपनी शक्तियों का दुरुपयोग ‘अब’ नहीं तो ‘तब’ किया था, जिसका कटु आघात भोगना पड़ रहा है। पर प्राकृतिक विधान के अनुसार तो यह भाग्य अपनी ही रचना है। अपने ही किए हुए का प्रतिफल है। मनुष्य भाग्य के वश में नहीं है, उसका निर्माता मनुष्य स्वयं है। परमात्मा के न्याय में अभेद देखें तो यही बात पुष्ट होती है कि भाग्य स्वयं हमारे द्वारा अपने को सम्पन्न करता है। उसका स्वतंत्र अस्तित्व कुछ भी नहीं है।

वास्तव में हमें शिक्षा लेनी चाहिए कि कर्म-फल किसी भी दशा में नष्ट नहीं होता। किसी न किसी समय वह अवश्य सामने आता है। विवशतावश उस समय उसे भले ही भाग्य कह कर टाल दिया जाय, पर इससे कर्म-फल का सिद्धान्त तो नहीं मिट सकता। हम जैसा करेंगे वैसा ही तो भरेंगे। यदि स्वेच्छापूर्वक परमात्मा ही जिसे जो जी चाहे देने लगे तो इस सृष्टि की सारी न्याय-व्यवस्था बिगड़ जायेगी। हम उस स्वतंत्रता को किस तरह काम में लावें यह एक अलग बात है, किन्तु अपना कल्याण करने का अधिकार हमें ही है। न इसके लिए किसी को दोषी ठहराया जा सकता है और न किसी के भरोसे ही बैठा जा सकता है।

अपने सुख-दुख, उन्नति-अवनति, कल्याण- अकल्याण, स्वर्ग और नर्क का कारण मनुष्य स्वयं है, फिर दुःख या आपत्ति के समय भाग्य के नाम पर संतोष कर लेना और भावी सुधार के प्रति अकर्मण्य बन जाना ठीक नहीं है। ऐसी स्थिति आने पर तो हमें यह अनुभव करना चाहिए कि हम से जरूर कोई भूल हुई है और उस पर पश्चाताप करना चाहिए।

यथा, संयम न रखने के कारण आपका स्वास्थ्य गिर गया है। शरीर में ऋतु-परिवर्तन को भी बर्दाश्त करने की शक्ति नहीं रही, थोड़ी-सी असावधानी से कभी पेट में गड़बड़ी पैदा हो जाती है, कभी सिर दर्द करता है, जुकाम हो जाता है, सर्दी लग जाती है। आप कहेंगे क्या करें हमारा भाग्य ही खराब है। वस्तुतः यह भाग्य का दोष नहीं है। आप थोड़ा-सा भी निष्पक्षता और कठोर सत्य की साक्षी में विचार करें तो आप यह मानने के लिए विवश होंगे कि आपने असंयम के कारण ही वह स्थिति बनाली है जिसके कारण आपको इन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि आप संकल्प से काम लें जिह्वा तथा कामेन्द्रियों पर कसकर अंकुश रखें तो आपका खोया हुआ स्वास्थ्य फिर से वापस आ सकता है। पाना या खोना भाग्य के हाथ की बात नहीं है। वह तो मनुष्य के पौरुष-अपौरुष का फल है। इसे ही बाद में चाहें तो भाग्य कह सकते हैं।

दूसरे व्यक्ति अपने पास के साधन सम्पन्न व्यक्तियों को देखकर ईर्ष्या से जलते रहते हैं। सोचते हैं, यह व्यक्ति कितना भाग्यशाली है। भगवान् ने उसे मोटर दी है, रहने के लिए सुसज्जित कोठी है, नौकर-चाकर सभी कुछ हैं। धन से तिजोरियाँ भरी पड़ी हैं, किन्तु अपना तो जीवन ही कठिनाई से बीतता है। बड़ा कष्ट है। एक-एक पैसे के लिए दूसरों का मुँह ताकना पड़ता है। सच है, आप बड़ी मुसीबत में हैं, किन्तु दरअसल क्या आप उन गहराइयों में गए हैं, जिसके कारण आप निर्धन हैं। संसार के 80 प्रतिशत व्यक्ति विधिवत् खाते-कमाते हैं। आप ही क्यों परेशान हैं? आप देखिए आपके जीव में जरूर कहीं आलस्य, अकर्मण्यता, निरुद्योगता का चोर छुपा हुआ है। इसे भगाइए, इस दुष्ट ने ही आपको निर्धन बनाया है। भगवान् को तो आप नाहक कोसते हैं। महान् विचारक वर्जिल ने कहा है—’भाग्य साहसी और कर्मठ व्यक्ति की सहायता करता है।” डिजरायली का भी ऐसा ही मत है—”हम अपना ऐश्वर्य स्वयं बनाते हैं और उसी को अपना भाग्य कहते हैं।”

भाग्यवाद का नाम से कर अपने जीवन में निराशा निरुत्साह के लिए स्थान मत दीजिए। आपका गौरव निरन्तर आगे बढ़ते रहने में है। भगवान् का वरद-हस्त सदैव आपके मस्तक पर है। वह तो आपका पिता अभिभावक, संरक्षक, पालक सभी कुछ है। उसकी अकृपा आप पर भला क्यों होगी? क्या यह सच नहीं है कि उसने आपको यह अमूल्य मनुष्य शरीर दिया है। बुद्धि दी है, विवेक दिया है। कुछ अपनी इन शक्तियों से भी काम लीजिए, देखिए आपका भाग्य बनता है या नहीं? भाग्य सदैव पुरुषार्थ का ही साथ देता है।

परिस्थिति-वश यदि प्रयत्न करने पर भी आपको उचित सफलता नहीं मिली तो आप इसे अपने पूर्वकृत-कर्मों का फल मानकर तात्कालिक सन्तोष प्राप्त कर सकते हैं, किन्तु अपने प्रयत्नों को यों ही ढीला मत छोड़िए। आज जो कर लेंगे, वही तो कल भाग्य बनेगा। कल आप अधिक सुख प्राप्त करें, इसकी तैयारी आज नहीं करेंगे, तो कब करेंगे? प्राणी की प्रकृति ही उसके कर्मों का कारण कही जाती है, इसलिए आज आप अपनी विश्वास-शक्ति को जगा कर अपने जीवन के सद्गुणों को बढ़ाने का प्रयत्न कीजिए। इससे आपका भावी जीवन निश्चय ही सुखी तथा समुन्नत हो सकेगा।

दुर्भाग्य के प्रमुख कारण मनुष्य के मनोविकार हैं। इन्हीं के जीवन बर्बाद होता है। काम, क्रोध, लोभ तथा मोह आदि के द्वारा ही मनुष्य का जीवन अपवित्र बनता है। संक्षेप में इसी को ही दुर्भाग्य की संज्ञा दी सकती है। अतः मनुष्य को चाहिए कि वह इन्द्रिय, मन और बुद्धि की अस्वच्छता को शुद्ध बनाने का सदैव अभ्यास करता रहे, इससे वह भविष्य सुन्दर बना सकता है। अनावश्यक वस्तुओं के अधिक से अधिक संचय को ही भाग्य नहीं कहते। वह मनुष्य जीवन में अच्छाइयों का विकास है, इसी से उससे शाश्वत सुख और शान्ति की उपलब्धि होती है। सत्कर्मों का आश्रय ही एक प्रकार से सौभाग्य का निर्माण करता है।

कर्म चाहे वह आज के हों अथवा पूर्व जीवन के उनका फल असंदिग्ध है। परिणाम से मनुष्य बच नहीं सकता। दुष्कर्मों का भोग जिस तरह भोगना ही पड़ता है, शुभ कर्मों से उसी तरह श्री—सौभाग्य और लक्ष्मी की प्राप्ति होती है। यह सुअवसर जिसे उपलब्ध हो, वही सच्चा भाग्यशाली है और इसके लिए किसी दैव के भरोसे नहीं बैठना पड़ता। कर्मों का सम्पादन मनुष्य स्वयं करता है। अतः अपने अच्छे-बुरे भाग्य का—निर्णायक भी वही है। अपने भाग्य को वह कर्मों द्वारा बनाया-बिगाड़ा करता है। हमारा श्रेय इसमें है कि सत्कर्मों के द्वारा अपना भविष्य सुधार लें। जो इस बात को समझ लेंगे और इस पर आचरण करेंगे उनको कभी दुर्भाग्य का रोना नहीं रोना पड़ेगा।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118