परम पूज्य गुरुदेव की अमृतवाणी- - विवेक की साधना और सिद्धि

May 1999

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

(४ जून, १९६९ गायत्री तपोभूमि, मथुरा )

गायत्री मन्त्र हमारे साथ-साथ बोले-ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्। देवियों, भाइयों! महात्मा आनंद स्वामी ने एक बार एक व्यक्ति से कहा था कि तू जब तक अनीति द्वारा कमाया हुआ धन खायेगा तेरी प्रगति और बुद्धि नष्ट होती चली जाएगी। अतः हमें सात्विक अन्न खाना चाहिए। विशेष रूप से यह विचार करना होगा कि आपका आहार सात्विक है या नहीं। यहाँ अन्न से मतलब आजीविका से है। आजीविका शुद्ध होनी चाहिए। आजीविका ठीक होगी तो मन भी ठीक होगा मनुष्य के जीवन में आजीविका का अपना महत्त्व है। अन्न का अपना महत्त्व है। यदि यह शुद्ध होंगे तो साधना से सिद्धि मिलने में देर नहीं लगेगी। सात्विकता से सिद्धियाँ स्वतः आती है।

एक तपस्वी महात्मा जी थे। वह एक पेड़ के नीचे बैठे थे कि एक चिड़िया ने बिट कर दिया। उन्होंने उसकी ओर देखा और वह जल कर भस्म हो गयी। महात्मा जी को अपनी ही सिद्धि पर अहंकार हो गया था। एक दिन वे एक गाँव में गए और एक महिला से भीख माँगने लगे। महिला ने कहा कि आप थोड़ी देर रुके, थोड़ी देर बाद भी जब वह नहीं आई तो महात्मा जी ने उसे आवाज़ लगाई। महिला ने बोला कि इस समय हम योगाभ्यास कर रहे है। पति की सेवा करना, खाना खिलाना, बच्चों को स्कूल भेजना-यह मेरा योगाभ्यास है। जब यह खत्म हो जायेगा तो हम आपकी सेवा करेंगे।

महात्मा जी नाराज़ हो गए और उन्होंने उसे शाप देना चाहा। महिला बोली कि महात्मन्! हम चिड़िया नहीं है जो आप हमें जला देंगे। महिला के इस कथन से महात्मा जी आत्मग्लानि हुई और वे सोच में पड़ गए। उन्होंने उससे पूछा कि तुम कैसे जानती हो कि यह घटना घटित हो चुकी है। महिला बोली कि मैं पति को परमेश्वर मान कर उनकी सेवा करती हूँ, जो हमारे लिए भोजन-वस्त्र की व्यवस्था करते है, देखभाल करते है। यह उसी का परिणाम है। महात्मा जी बनिया के पास गए। वह प्रातः काल से सांय तक पूरे परिश्रम और ईमानदारी से अपनी दुकान करता है। यही उसका नित्य का योगाभ्यास था। इसके बाद महात्मा जी एक भंगी के पास गए। वह भी ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य-कर्म-सफाई के काम में लगा रहता। शाम को माता-पिता की सेवा करता। उसने भी महात्मा जी को बतलाया की देखा हमारा योगाभ्यास यही है ईमानदारी का योगाभ्यास, परिश्रम का योगाभ्यास।

वस्तुतः यह तीनों ही शुद्ध अन्तः करण वाले व्यक्ति थे। पिप्पलाद ऋषि का नाम सुना या पढ़ा होगा आपने! उनके जीवन में जो भी चमत्कार होता चला गया, वह उनके सात्विक आहार का था। तपस्या-उपासना जो बल देता है, उसका नाम अन्न है। यह सात्विक होना चाहिए इससे मन पवित्र, स्थिर और शाँत रहता है। अगर आपका मन ठीक नहीं रहता है, तो साधना-उपासना का मूल आप समझ नहीं पाए है, फिर मैं आपको कैसे समझा सकता हूँ, जब आपके दिमाग में कूड़ा भरा है। उस गन्दगी को आपके दिमाग से हम कैसे साफ कर सकते है। इसकी सफाई आपको स्वयं ही करनी होगी।

मित्रो! हमारा मन साधना-उपासना में बहुत लगता है इसमें हमें जो आनंद आता है, उसका वर्णन हम नहीं कर सकते है। आपका भी मन लगे, इसके लिए आपको अन्न की सात्विकता अपनानी

होगी, तभी प्रगति हो सकती है हमने चौबीस साल तक अपनी जीभ को साधा तथा सात्विक अन्न का सेवन किया। आप अपने को साधना नहीं चाहते है, तो उपासना के क्षेत्र में आगे कैसे बढ़ेंगे? एक दिन हमने आपको आहार-विहार के बारे में बताया था, साथ ही यह भी चर्चा की थी कि समय का विभाजन करे और समय का मूल्य समझे। अगर आप अपनी जीभ को साध ले, तो चमत्कार उत्पन्न हो जायेगा। आहार-विहार के असंयम के कारण ही बीमारियों आपको घेरे रहती है। इसी के कारण अभी तक आप छोटे आदमी बने रहे।

मित्रो, चन्द्रभान नामक एक व्यक्ति भारत-पाक विभाजन के बाद पाकिस्तान से यहाँ आये थे। वे वहाँ पर एक टेलीफोन ओपेरटर थे। यहाँ आने पर उन्होंने अपना कागज़ वगैरह दिखाया, तो उनको भारत में नौकरी मिल गयी। आज बीस वर्ष बाद वे इसी विभाग के डायरेक्टर बनकर उच्चतम पोस्ट पर पहुँच गए। मित्रो यही सिद्धि है। यह कैसे मिली? यह उनके व्यवहार, परिश्रम तथा सात्विक अचार-व्यवहार के कारण मिली और वे प्रगति पथ पर आगे बढ़ सके। उन्होंने उपासना के साथ साधना भी की, जिसका लाभ उन्हें मिल गया। वे ऑपरेटर के साथ-साथ विभाग के अन्य पेंडिंग कार्यों को भी पूरा करते रहे उनके विभाग के लोग उनके कार्य एवं व्यवहार से प्रसन्न रहते थे।

मित्रो, जब हम आगरा में प्रेस में काम करते थे। वहाँ एक हमारे मित्र थे, जो कहते थे कि काम ऐसा करो कि मालिक के हाथ-पैर-तोड़कर रख दो। हमने कहा कि आप हमें जेल भिजवायेंगे क्या? उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि मालिक का सारा कामकाज अपने जिम्मे ले लो, तो मालिक आप पर निर्भर हो जाएगा, साथ ही आपकी इज्जत भी करेगा। चन्द्रभान जी, जिनके बारे में अभी मैंने बताया, वे इसी प्रकार अपने ऑफिसर के हाथ- पैर तोड़ते चले गए। आगे जब भी मौका आता था तब अपने अफसर से कहते कि हमारा प्रमोशन नहीं हो सकता? अफसर कहता अवश्य होगा, वे परीक्षा में बैठते और ऑफिसर उनका सहयोग कर देता था। इस प्रकार उनकी प्रगति होती चली गयी। उनका पहनावा -ड्रेस भी बहुत सीधा- सादा था। लोगों को उनकी सादगी से प्रेम था।

मित्रों! मैं आपको अभी व्यवहार की सिद्धियाँ बता रहा था, आहार की सिद्धियाँ बता रहा था कि आप अपनी जबान पर काबू पाइए तथा सबके मित्र बनते चले जाइये। पिछले दिनों हमने आपको बतलाया भी था कि जब हम अज्ञातवास में गए थे तो एक साल तक केवल शाक-भाजी पर जिन्दा रहे। आप तो आडम्बर में आकर न जाने क्या-क्या खाते चले गए। आपने प्राकृतिक चिकित्सा की पुस्तकें भी पढ़ी, परन्तु आपने कभी उस पर चलने का प्रयास नहीं किया। आपने समय का संयम भी नहीं किया। इस कारण आप उन्नतिशील भी बन न सके। जापान एवं अमेरिका के लोग सारे दिन भजन नहीं करते, परन्तु वे कितनी प्रगति पर है। वे अपने समय का एक मिनट भी बर्बाद नहीं करते है हमारा बच्चा जब कमाने लगता है और हम बूढ़े हो जाते है, तो घर में बैठे रहते है, मक्खी मारते रहते है। जबकि बुड्ढे गाँधी ने बहुत काम किया। बूढ़े जवाहर ने लगभग पिचहत्तर वर्ष की उम्र में भी अठारह-अठारह घंटे काम किया। जवान आदमी की तरह ही बूढ़े व्यक्ति को भी काम करना चाहिए। कामचोर-हरामखोर हमें पसंद नहीं है। साधना, जो मनुष्य को उत्कृष्ट बना देती है, इसी संदर्भ में, मैं बतला रहा था जो आपको अपने दिमाग में बैठा लेना चाहिए। कल हमने आपको बतलाया था कि मन को काबू में कर लेने के बाद भगवान का ध्यान कैसे करना चाहिए? गायत्री माता का ध्यान कैसे करना चाहिए? उन्हें बार-बार घूम-घूमकर देखना होगा, ताकि आपका इधर-उधर भागने वाला मन काबू में रहे तथा आप उनसे सम्बन्ध रख सके। इसके लिए आपको मन की साधना करनी पड़ेगी। मन की साधना के दो माध्यम है। पहला है- विवेक और दूसरा- साहस। इनके द्वारा ही हम ऋद्धि- सिद्धियों से भरते चले जाते है। अपने आहार-विहार को ठीक करने के बाद अपनी प्रगति होती चली जाती है। मनुष्य के अंतःकरण में बैठा हुआ विवेक और साहस जब जाग्रत हो जाता है, तो इन दो आधारों पर ही मनुष्य जो चाहे प्राप्त करता हुआ चला जाता है।

मित्रो! राजस्थान में एक संस्कृत के अध्यापक थे- हीरालाल शास्त्री। शास्त्री जी की पत्नी की मृत्यु हो गयी। हमारे आपके साथ ऐसा हो जाने पर या तो आत्महत्या कर लेंगे या दूसरी शादी कर लेंगे। परन्तु संस्कृत का वह अध्यापक गाँव चला गया। उसने कहा कि उस महान नारी ने हमें आनंद-उल्लास से भर दिया था, हमारे अन्दर विवेक, साहस जाग्रत कर दिया था। उसके मरने के बाद उसकी याद में हम इस गाँव के अंदर कुछ करना चाहते है। हम उसके प्रति अपना फर्ज अदा करना चाहते है। इस गाँव की कन्याओं को हम पढ़ाना चाहते है। वे नौकरी छोड़ कर गाँव आ गए और एक पेड़ के नीचे बैठकर उस गाँव की कन्याओं को पढ़ाने लगे। तीस दिन की रोटी का प्रबंध तीस घरों से हो गया और वह अपने आदर्श-कर्तव्यों पर आरूढ़ हो गए तथा पूरी निष्ठा के साथ उस कार्य को करने लगे। आदर्श-सिद्धाँतों का धनी वह उस स्कूल को चलाता चला गया। लोग आए और मदद करते चले गए। विद्यालय का काम सुचारु रूप से चलने लगा।

मित्रो, शीरीं-फरहाद की कहानी आप जानते है। शीरीं को फरहाद चाहता था। राजा ने इस समस्या का हल करना चाहा तथा फरहाद को इस रास्ते से अलग करने का मन बना लिया। उसने एक योजना बनायीं। फरहाद से कहा कि देख-इस पहाड़ के उस पार एक नदी है। इसको काटकर उधर से नहर लानी है। फरहाद का प्रेम अमर था। उसने कहा की ठीक है, हम वैसा ही करेंगे। उसने कुल्हाड़ी उठायी और पहाड़ को काटकर नहर ले आया। लोगों ने भी सहयोग दिया। इस साधना को देखकर राजा को शीरीं का हाथ फरहाद के हाथ में देना पड़ा।

इसी प्रकार उस अध्यापक का विद्यालय चल पड़ा तथा कुछ ही दिनों में वह राजस्थान का एक महान विद्यालय बन गया। वह व्यक्ति राजस्थान का मुख्यमंत्री भी बन गया। उस हीरालाल शास्त्री को सब लोग ने पसंद किया तथा उसे सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री बनाया गया। मित्रों, इस तरह विवेक की सिद्धियाँ प्राप्त करने वाले लोग महान बनते चले गए, उनकी प्रगति के रास्ते खुलते चले गए। साथियों! एक छोकरी थी। उसकी शादी एक दरोगा के लड़के के साथ हो गयी थी। दरोगा शराब पीता था तथा उस लड़के को भी शराब की लत लग गयी थी। वह भी अट्ठारह साल की उम्र से ही शराब पीने लगा। छोकरी ससुराल आयी, उस घर का सारा दृश्य देखा, परन्तु घबराई नहीं। अपने पति की सेवा करती रही और अपनी कर्तव्य-परायणता पर अडिग रही। उसका पति रोज बारह बजे रात में आता था, तब तक वह जागती रहती थी। उसको भोजन कराके ही वह भोजन करती थी। चूँकि उसके परिवार वालों ने बताया था कि पत्नी को पति को भोजन कराके खाना चाहिए।

एक दिन रात को दो बज गए। वह आया ही नहीं। आटा गूँथकर रखा था, चूल्हा जल रहा था। थोड़ी देर के बाद वह आया, तो काफी शराब पी रखी थी। आते ही उलटी करने लगा। सारे कपड़े खराब कर दिए। पत्नी ने सफाई की, नहलाया-धुलाया तथा सुला दिया। सुबह आँख खुली तो उसने देखा कि चूल्हा जल रहा है, आटा गुँथा रखा है। उसने पत्नी से पूछा कि क्या तुमने खाना नहीं खाया? पत्नी बोली- भला मैं कैसे खा लेती। मेरे माता पिता ने कहा है कि पति के खाने के बाद खाना तथा उसकी सेवा करना। कल रात्रि में जब आप आए तो काफी मात्रा में शराब पी रखी थी। हमने सफाई की, क्योंकि आपने उलटी कर दी थी। आपने जब भोजन नहीं किया तो फिर हम कैसे कर लेते?

मित्रो! उस करुणा की देवी, वात्सल्य की देवी की आवाज आत्मा में पहुँची, वह द्रवित हो गया। उसे आत्मग्लानि हुई तथा उसी दिन से उसने शराब न पीने का संकल्प ले लिया। साथियों आगे चलकर वही व्यक्ति मुँशीराम, स्वामी श्रद्धानन्द नाम से विख्यात हुआ। उनके द्वारा स्थापित गुरुकुल काँगड़ी विश्वविद्यालय कितना महान है। वह मालवीय द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय के समक्ष एक दूसरा विश्वविद्यालय है।

विवेक के आधार पर आत्मचिंतन करने वाला व्यक्ति स्वामी श्रद्धानन्द बन गया। आदर्शवादिता की ओर अग्रसर कर देने वाला विवेक बड़ा महान है। विवेक मनुष्य को कहाँ-से-कहाँ उछालकर ले जाता है। सिद्धियाँ मनुष्य के भीतर पड़ी है। अगर विवेक के आधार पर हम चले, तो सब कुछ प्राप्त कर सकते है।

एक बार हम महाराष्ट्र गए और महर्षि कर्वे के आश्रम से यह सीखकर आए कि महिलाओं की सेवा किस तरह से हो सकती है? महर्षि कर्वे के आश्रम में जाकर मैंने यह सब सीखा। उन्होंने कहा कि मैं बंधन का जीवन नहीं जीना चाहता और न ही नौकरी करना चाहता हूँ। मैं तो देश, समाज तथा संस्कृति की सेवा करना चाहता हूँ। इस दुनिया के अंतर्गत जो भी पीड़ित और पतित है, उनकी मैं सेवा करना चाहता हूँ। जो दुखी है, उनकी आँखों के आँसू पोंछना चाहता हूँ। उनके आश्रम में जाकर हमने भी एक प्रेरणा प्राप्त की थी कि नौकरी नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी नौकर नहीं बनने की शिक्षा नहीं देंगे। महर्षि कर्वे ने भी जीवनभर गुलामी नहीं की।

मित्रो! उनके पिताजी ने सभी लड़कों को तीन-तीन हजार रुपये दिए थे। महर्षि कर्वे ने उसे जमा कर दिया और सेवा में लग गए। साथियों, बच्चों को फोकट का खिलाना ठीक नहीं है। इससे बच्चे बिगड़ जाते है। यह अनीति एवं अत्याचार है। बच्चों को कुसंस्कारी, भ्रष्ट एवं दुराचारी बनाना है, तो उनके हाथों में बेकार के, मुफ्त के पैसे थमा दीजिये।

अगर आप अपने बच्चों को कर्तव्य-परायणता के पाठ पढ़ाते चले जाए तो आपके बच्चे हीरे एवं मोती के बनते चले जायेंगे, परन्तु अगर आपने बेईमानी से कमाया तथा उन्हें अन्न खिलाया तो उसका असर उन पर अवश्य होगा। अगर आप फोकट का धन छोड़ते है तथा यह सोचते है कि इससे बेटा खाएगा, तो यह आपकी भारी भूल है। मित्रों, इस धन को बेटा नहीं खाएगा, वरन् यह धन ही बेटे को खा जाएगा। उसे बर्बाद करेगा। विवेक की सिद्धियाँ अगर आपको प्राप्त करनी है, तो आप सरदार पटेल बनने का प्रयास करें। लालबहादुर शास्त्री को नाना ने ढाई रुपये दिए थे, जो उनके जीवन में चमत्कार करता हुआ चला गया। उनने जवाहरलाल नेहरू के ऊपर अपनी छाप छोड़ी और भारत के प्रधानमंत्री बने। यह है विवेक की सिद्धि, जिसे आप तो समझते ही नहीं है। विचार भी नहीं करते है। बच्चों को फिजूलखर्च कराते चले जाते है।

मित्रो, सातवलेकर ने रिटायर्ड होने के बाद अपने विवेक का काम लिया और संस्कृत पढ़ाना प्रारंभ किया, तो वह महानता को प्राप्त हो गये। उनने चारों वेदों को भाष्य किया और हिन्दुस्तान में सम्मान प्रपात किया साथियों! यह है विवेक की उपासना, जो सातवलेकर ने की और उच्चतम स्थान तक पहुँच गए। मछली पानी को चीरती हुई आगे बढ़ती है, उसी प्रकार अध्यात्मवादी आदमी अपना रास्ता स्वयं बनाते हुए चले जाते है। उनका रास्ता कोई नहीं रोक सकता है।

मित्रो! मथुरा के राजा महेंद्र प्रताप ने विवेक की उपासना की थी। लोगों ने कहा कि आपके बच्चे नहीं है अतः आपको दूसरी शादी करनी चाहिए या फिर कोई बच्चा गोद लेना चाहिये, नहीं तो वंश कैसे चलेगा? उन्होंने कहा कि ऐसा संभव नहीं है। हमें देश, संस्कृति की सेवा करनी है। असंख्य ऐसे बच्चे है जिनकी पढ़ाई नहीं होती, जो गरीबी की मार से दबे रहते है, उनकी हमें सेवा करनी है। उन्होंने आपने मन में विचार किया और मालवीय जी को नामकरण संस्कार कराने के लिए बुलाया।

संस्कार के समय सब सोच में पड़ गए कि यहाँ तो कोई बच्चा नहीं है, फिर किसका संस्कार होगा? लोगों ने सोचा दासी आती होगी और अपने साथ किसी बच्चे को लाएगी। थोड़ी देर बाद राजा साहब ने कहा कि रानी के बच्चे नहीं है, हमारे बच्चे हुए है। लोग बड़े आश्चर्यचकित हुए कि कहीं राजा के बच्चे भी होते है? उन्होंने एक थाली में रखी चादर हटाई और लोगों को दिखाया कि यही हमारा बच्चा है, जिसका नाम आदरणीय मालवीय जी ने प्रेम महाविद्यालय रखा है। यहाँ बच्चों की पढ़ाई होगी। बच्चे विवेकवान होंगे तथा देश, समाज और संस्कृति की सेवा करेंगे। हमारा नाम जो रोशन होगा, वह ऐसे बच्चों से ही होगा। उसमें देश के विभूतिवान व्यक्ति अध्यापक रखे गए थे। उसमें पढ़ाई भी आश्चर्यजनक हुई। इस विद्यालय में विवेकवान, विभूतिवान, आदर्शवान विद्यार्थी निकले। जिन्होंने देश, समाज तथा राजा महेंद्र प्रताप का नाम उज्ज्वल किया।

मित्रो! यह विवेक की सिद्धि महान थी, जिसने राजा महेंद्र प्रताप को ऊँचा उठा दिया। आज अज्ञान में डूबे लोग, अहंकार में डूबे लोग उपासना के सही अर्थों को समझ नहीं पाते है। वास्तव में विवेक की सिद्धि महान स्थान रखती है। छोटे से गाँव में पैदा हुए व्यक्ति डॉ. राजेंद्र प्रसाद भारत के प्रथम राष्ट्रपति हो गए। यह विवेक की सिद्धि है।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118