संवेदना शून्य न हो जायें!

April 1978

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

मनुष्य के पास यदि कोई सर्वोत्तम सम्पत्ति हो सकती है तो वह भावनाएँ ही है, इससे ही व्यक्तित्व की परख होती और मान सम्मान मिलता है। सम्वेदना परमात्मा से जोड़े रहने वाला ऐसा तत्व है कि वह जिस भी हृदय में रहता है उसी को आत्मिक सन्तोष और गरिमा प्रदान किये रहता है।

जंगल में आग लगती है तो नष्ट जीव जन्तु ही नहीं होते, वृक्ष, वनस्पति, वहाँ बसने वाले गाँव सभी उजड़ जाते हैं। इन दिनों भौतिकता की जो भयंकर दावाग्नि लगी हुई है उसने न केवल सांसारिक यथार्थ, सौन्दर्य को नष्ट किया अपितु सम्वेदनाओं को भी मटियामेट कर दिया है इससे लगता है मनुष्य जड़ पत्थरों का बना पिशाच है जो न किसी का दर्द समझता है,न दुःख न किसी के प्रति दया बरतता है न करुणा। उससे तो पशु पक्षी ही अच्छे जिन्होंने अपनी भावनाओं को तिलांजलि नहीं दी अपितु उन्हें विकसित ही किया है।

हिरनी का वात्सल्य सर्वविदित है। एकबार दिल्ली के सुल्तान सुबुक्तगीन जंगल में शिकार खेलने गये। वहाँ उन्हें हिरण का एक बच्चा मिल गया। सुल्तान उसे घोड़े की पीठ पर लादकर वापस लौटे तो यह देखकर आश्चर्यचकित रह गये कि बच्चे की ममता के वशीभूत हिरणी मृत्यु भय की तिलांजलि देकर पीछे−पीछे चली आ रही है। यह दृश्य देखकर सुल्तान का हृदय उमड़ने लगा उन्होंने करुणावश बच्चे को छोड़ दिया। हिरणी बड़ी देर तक खड़ी अपने बच्चे को चाटती और कृतज्ञता भरी दृष्टि से सुल्तान को देखती रही।

जीवों की सम्वेदना सजातियों तक ही सीमित नहीं रहती अपितु उनका हृदय औरों के प्रति भी सजल होता है इस तरह के उदाहरण सामने आते हैं तो मनुष्य की स्वार्थपरता स्वयं अपना ही धिक्कार करने लगती है। जंगल के जीवन में ऐसे उदाहरण बहुतायत से मिलते हैं। बात उन दिनों की है जब भारत−पाकिस्तान में गृह युद्ध की स्थिति थी। हिन्दू−मुसलमान एक दूसरे के प्राणों के प्यासे घूम रहे थे। एबटाबाद (अब पाकिस्तान में) भी उससे अछूता नहीं था। एक पालतू बंदरिया बुजो जिसका अपना बच्चा मौत की नींद सो गया था, दुःखी बैठी थी। उधर सड़क पर एक कुतिया अपने नवजात पिल्ले को दूध पिला रही थी तभी उधर से एक ट्रक गुजरा। कुतिया ने भागने की कोशिश की, पर शीघ्रता में वह ट्रक की चपेट में आकर अपनी जान गँवा बैठी। पिल्ला किसी तरह बच गया, पर भूख से तड़फड़ाता वह इधर−उधर अपनी माँ को खोज रहा था। यह दृश्य देखकर बुजो की करुणा छलक उठी वह पेड़ से उतरी और पिल्ले को छाती से चिपटाकर भाग गई। लोगों ने पिल्ले को बचाने के लिए उसका पीछा किया, पर जब वे मकान की छत पर पहुँचे तो यह देखकर आश्चर्यचकित रह गये कि बुजो लेटी हुई है और पिल्ले को अपना दूध पिला रही है। वह उसके सिर और पीठ पर हाथ भी फेरती जा रही थी उसका वात्सल्य साफ झलक रहा था। यह दृश्य देखकर लोगों का हृदय भर आया। मजहब के नाम पर रक्तपात करने वाली इंसानियत शर्म से पानी−पानी हो उठी। यह चर्चा बिजली की तरह सारे नगर में फैल गई। एबटाबाद, पाकिस्तान में चला गया, पर इस घटना के बाद वहाँ फिर कोई रक्तपात नहीं हुआ।

शहबाजपुर के निकट कलड़ी गाँव। बाज ने तोते पर झपट्टा मारा। वह लेकर उड़ तो न सका, पर उसके खरोंच काफी लगी। रक्त प्रवाहित होने लगा। बाज काफी देर तक आकाश में मंडराता रहा। यह दृश्य पास के वृक्ष पर बैठे कुछ बन्दर देख रहे थे। इनमें से एक मोटा बन्दर तोते के पास आया। तोता समझ गया कि जीवित बचना बहुत कठिन है। भयभीत होकर चें−चें करने लगा।

बन्दर ने दया भाव से उस तोते को धीरे से पकड़ लिया। अपने सीने से लगाया। अब उसका भय दूर हो गया। अपने को सुरक्षित जान उसने चिल्लाना भी बन्द कर दिया। अन्य बन्दरों के मन में भी सहानुभूति जाग उठी वे पके बेर तोड़ लाये और प्रेम से तोते को खिलाने लगे। स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर कुछ घण्टों के पश्चात् तोता उड़ गया।

सन् 1808 ई. में कच्छ में भयानक अकाल पड़ा उस समय वहाँ के सेनापति फतहमुहम्मद थे। अकाल के कारण चारे के अभाव में प्रतिदिन सैकड़ों पशु मर जाते। एक दिन एक छोटा−सा बछड़ा सेनापति के अस्तबल में घुस आया। करुणावश सईसों ने उसे वहीं पाल लिया। बछड़े की घोड़ों के साथ एक परिवार जैसी दोस्ती हो गई।

कुछ दिन बाद फतह मुहम्मद ने जामनगर रियासत पर चढ़ाई कर दी। घोड़े बाहर निकाल लिये गये बछड़े को भीतर ही बन्द कर दिया गया वह इस स्थिति को सहन नहीं कर सका। लातों से पीट−पीटकर उसने दरवाजा तोड़ डाला आखिर उसे भी साथ लेना पड़ा।

युद्ध के दौरान सेनापति की एक तोप दल−दल में फँस गई। सारे घोड़े जोत दिये गये, पर तोप टस से मस न हुई। किसी सैनिक ने कहा यदि बछड़े को इसमें जोता जाये और घोड़ों को आगे बढ़ा दिये जाये तो सम्भव है वह इसे निकाल दे क्योंकि बछड़े को सभी कुछ बर्दाश्त था अपने मित्रों का बिछोह नहीं।

यही किया गया। उसे तोप में जोतकर जैसे ही घोड़े आगे को बढ़ाये गये उसने सम्पूर्ण शक्ति लगा दी आगे बढ़ने के लिए सच ही तोप बाहर आ गई, किन्तु उस बछड़े के प्राण लेकर। फतह मुहम्मद ने यह सुना तो उनका हृदय करुणा से उमड़ पड़ा उन्होंने युद्ध बन्द करा दिया और पशु हृदय की इस मूक अभिव्यक्ति को साकार करने के लिए उन्होंने वहाँ बछड़े की सुन्दर समाधि बनवाई।

जीवों का जीवों से प्यार हो और मनुष्य मनुष्य से घृणा करे तो पशु अपने से अच्छे माने जायेंगे। पशु−पक्षी मनुष्य जाति के साथ उपकार करें और मनुष्य उनके प्रति नृशंसता का आचरण करे तो इसे मनुष्य का अपराध पूर्ण कृत्य माना जायेगा। मानव के प्रति जीवों की उदारता से कई बार मन आविर्भूत हो उठता है।

केरल के मौपला विद्रोह के समय भी सर्पों ने डकैतों के एक समूचे दल पर आक्रमण कर जिस घर में वे निवास करते थे उसके मालिक की रक्षा की थी। इस तरह ये जीव यह शिक्षा देते हैं कि जब तुच्छ प्राणी भी भावनाओं से रिक्त नहीं तो मनुष्य सम्वेदना शून्य हो जाये यह उचित नहीं है।

----***----


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118