सुख−दुख केवल तुलना शैली पर निर्भर है।

April 1975

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

संसार में दुःख क्या है और सुख क्या हैं? इसकी परिभाषा कर सकना कठिन हैं। वस्तुतः यहाँ न तो कुछ सुख है और न कुछ दुःख। घटनाएँ अपने ढंग से घटित होती रहती हैं और वस्तुएँ अपने तरीके से बदलती रहती हैं। आने और जाने का−हानि और लाभ का−परिवर्तन यहाँ अनवरत रूप से चल रहा है। जो वस्तु अभी जिस रूप में है, अगले ही क्षणों वह वैसी न रह जायगी। तब जिस प्रकार उस क्षण उसे सुखद माना जा रहा था वैसा कुछ समय बाद न माना जा सकेगा। तब यह कैसे कहा जाय कि वह वस्तु या स्थिति सुख रूप है या दुःख रूप ।

प्रातःकाल का सूर्य सुहावना लगता है और उसकी धूप तापने को जी करता है, किन्तु कुछ समय बाद दोपहर की कड़ी धूप और कड़ी चमक कष्टकारक लगती है और उससे बचने के लिए छाया तलाश करनी पड़ती है। तब कैसे कहा जाय कि सूर्य और उसकी धूप सुखद है या सुखद। यह परिस्थितियों पर निर्भर है। सापेक्ष है। ठण्ड की स्थिति में सूर्य प्रिय है और गर्मी में अप्रिय।

भूख में भोजन की उत्कट लालसा रहती हैं। रूखा−सूखा भी स्वादिष्ट लगता है। किन्तु पेट भरा होने अथवा रुग्ण रहने की दशा में स्वादिष्ट भोजन भी अरुचिकर लगता है और उसकी ओर देखने को भी जी नहीं करता। भोजन अपने आप में न स्वादिष्ट है न अस्वादिष्ट वह एक पदार्थ मात्र है। भूख के अनुरूप वह कभी प्रिय लगता है कभी अप्रिय। यदि भोजन की अपनी कुछ विशेषता होती तो वह सदा एक जैसी ही बनी रहती।

हम धनी हैं या निर्धन इसका कोई पैमाना नहीं। कितना धन होने पर किसी को धनी कहा जाय और कितनी मात्रा को निर्धन की परिधि में लाया जाय, इसका कोई माप दण्ड नहीं बन सकता। जब हम अपनी तुलना किसी साधन सम्पन्न धनी के साथ करते हैं तो पाते हैं कि अपनी स्थिति निर्धनों जैसी दयनीय है। किन्तु यदि निर्धनों और अभावग्रस्तों के साथ अपनी तुलना करने लगें तो प्रतीत होगा कि−हम कितने अधिक साधन−सम्पन्न, धनवान और भाग्यवान है। जिसके लिए दूसरे लोग बुरी तरह तरसते हैं वे साधन अपने पास कितनी बड़ी मात्रा में मौजूद हैं। इस तुलना क्रम में हेर−फेर होते हैं, एक क्षण में धनी अपने को निर्धन और निर्धन अपने को धनवान मानने लग सकता है।

बलवान पहलवान की तुलना में अपनी दुर्बल काया दुर्भाग्यपूर्ण है, सुन्दरों की तुलना में अपनी कुरूपता अभिशाप है, किन्तु यदि अपंग एवं असाध्य रोगग्रस्तों की और अपनी स्थिति का अध्ययन करें तो पता चलेगा कि जो कुछ मिला हुआ है वह भी सुख मानने और गर्व करने के लिए पर्याप्त हैं।

दुखों से निवृत्ति पाने और सदा सुखी रहने के लिए अमुक प्रकार की परिस्थितियाँ प्राप्त होना आवश्यक हैं। यह नहीं सोचा जाना चाहिए, वरन् अपनी तुलनात्मक चिन्तन करने की शैली को बदलना चाहिए। अपने में छोटे और पिछड़े हुए लोग यदि दृष्टि में रहें तो जो मिला हैं वह भी सुखद और पर्याप्त होता रहेगा और अपने को सुखी अनुभव करने की मनःस्थिति सदा ही बनी रहेगी समुन्नत लोगों को अपना गुरु मानें, उनने जिन सद्गुणों को अपनाकर प्रगति की है, उन्हें अपनाने, बढ़ाने का प्रयास करें। इस क्षेत्र में तुलना करते हुए जो बढ़ाना आवश्यक उसे बढ़ायें तो बड़ों के साथ की जाने वाली तुलना श्रेयस्कर हो सकती हैं। दुखों से स्थायी निवृत्ति और सुख की सुस्थिर उपलब्धि का यही मार्ग हैं। प्रगति के लिए प्रयास तो तत्परतापूर्वक करें पर दुखी किसी भी स्थिति न रहें यही बुद्धिमत्ता है।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118