महामाया समेटने लगीं अपनी योगमाया

September 2002

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

सन्तानों की पीड़ा के लगातार विषपान से वन्दनीया माताजी का स्वास्थ्य जर्जर होता गया। उनकी देह निरन्तर व्याधिग्रस्त होती गयी। यहाँ तक कि 16 से 20 अप्रैल 1994 को चित्रकूट में होने वाले अश्वमेध आयोजन में वह जाने की स्थिति में नहीं थीं। तब तक स्वास्थ्य काफी बिगड़ चुका था। काफी ऊहापोह था कि जाएँ अथवा न जाएँ। उनकी तबीयत को देखते हुए निकटस्थ जन भी यही सुझा रहे थे कि माताजी ऐसे में आपको पूरी तरह से विश्राम करना चाहिए। काफी देर वह सबकी बातें सुनती रहीं, फिर बोलीं- तबियत तो खैर जैसी है, वैसी है। पर इस बार मैं जाऊँगी। इसी बहाने फिर से चित्रकूट देखना हो जाएगा। इसके बाद कौन जाने, मेरा कहीं जाना हो या न हो। उनकी इन बातों के बाद किसी की कुछ ज्यादा कहने की हिम्मत नहीं पड़ी। यात्रा की तैयारियाँ होने लगीं। निर्धारित समय पर उन्होंने जॉली ग्राँट हवाई अड्डे से म.प्र. सरकार द्वारा भेजे गए विमान से प्रस्थान किया।

चित्रकूट पहुँचकर वह जैसे देह के सभी कष्टों से अनजान हो गयीं। कुछ यूँ जैसे कि उनकी देह उनकी न होकर किसी और की हो। इस यात्रा में उनके साथ शैलदीदी, आदरणीय डॉ. प्रणव पण्ड्या, इनके सुपुत्र चिन्मय और माताजी की मानस पुत्री दुर्गा दीदी थीं। इन सभी को वन्दनीया माताजी की सभी शारीरिक पीड़ाओं का ज्ञान था। इन सबमें से किसी को उस समय अपनी आँखों पर विश्वास नहीं हो पा रहा था कि कोई इस तरह अपनी दैहिक पीड़ाओं से मुँह मोड़ सकता है। स्थितप्रज्ञ की भावदशा की बातें गीता में बहुतों ने पढ़ी-सुनी होंगी, पर उस समय माताजी को देखकर सभी को इस सत्य की अनुभूति हो रही थी। इसी देहातीत दशा में उन्होंने चित्रकूट अश्वमेध के सभी कार्यक्रम पूरे किए। हजारों श्रद्धालुओं को दीक्षा देकर उनकी मुक्ति का मार्ग खोला। असंख्यों पर अपने आशीषों की वर्षा की।

उन्हें इस तरह कृपा वर्षा करते हुए देखकर लग रहा था कि समस्त प्राणियों के भवरोग का हरण करने वाली कृपालु जननी से स्वयं ही देह को रोग मुक्त कर लिया है। सबके आग्रह करने पर उन्होंने उत्साहपूर्वक तीर्थभूमि चित्रकूट के विभिन्न स्थलों पर जाने का कार्यक्रम बनाया। कामदगिरि, स्फटिकशिला आदि जगहों पर वह कुछ पलों के लिए भावसमाधि में डूबी रहीं। गुप्त गोदावरी के बाहर जब उनकी कार रुकी, तो वहीं कहीं पास से दस-बारह साल की एक छोटी सी लड़की भागी-भागी आयी। उसके हाथों में थोड़े से जंगली फल और कुछ खुले हुए पैसे थे। जब माताजी कार से उतरीं तो ठीक उसके सामने खड़ी हो गयी। साथ के लोग उसे हटा पाते, इससे पहले वह कहने लगी, आप शान्तिकुञ्ज वाली माताजी हो न। मैंने काफी दिनों से सुन रखा है कि- शान्तिकुञ्ज हरिद्वार से माताजी आने वाली हैं। बालिका की इन भोली बातों के उत्तर में माताजी बोलीं- हाँ बेटी! मैं वही हूँ।

माताजी के इस कथन पर वह बालिका पुलकित हो उठी और कहने लगी- आपको मालूम है मैंने दो दिनों पहले एक सपना देखा था कि सीता मैया फिर से चित्रकूट आयी हैं। जगने पर मैंने सोचा कि यदि शान्तिकुञ्ज वाली माताजी हमारी सीता मैया हैं, तो वे जरूर यहाँ गुप्त गोदावरी आएँगी। और देखो आप आ गयीं। बालिका की इस बाल श्रद्धा पर माताजी भाव विगलित हो गयीं। उस बालिका की यह प्यार भरी भेंट स्वीकार करने के साथ उन्होंने उसके सिर पर अपना हाथ फेरा और वह चली गयी। माताजी अपने परिकर के साथ गुप्त गोदावरी की गुफा में गयीं। इसी के साथ उनका यह भ्रमण समाप्त हुआ। भव्य दीपयज्ञ के बाद में आयोजन स्थल से विदा लेकर वह शान्तिकुञ्ज आ गयीं।

शान्तिकुञ्ज आने पर उनकी बीमारी फिर से यथावत हो गयी। निकटस्थजन डॉ. प्रणव पण्ड्या के निर्देशन में उनकी सेवा में जुट गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी सहायता ली गयी। सभी के आग्रह-अनुरोध पर उन्होंने चिकित्सालय में भी भरती होना स्वीकार किया। इस क्रम में पहले वह कुछ दिन आगरा में रहीं, बाद में कुछ दिनों तक दिल्ली में भरती रहीं। चिकित्सक जो कर सकते थे, कर रहे थे। चिकित्सा विज्ञान में जो आधुनिकतम तकनीकें थीं उन्हें प्रयोग में लाया जा रहा था। पर उनकी बीमारी भी अनोखी थी। एक के बाद दूसरी नयी बीमारी की परत खुल जाती थी। वह सभी को प्रयत्न करते, परेशान होते हुए देख रही थीं। शैलदीदी के साथ उनके सुपुत्र मृत्युञ्जय शर्मा भी प्राण-प्रण से अपनी जन्मदात्री माँ की सेवा में जुटे थे। सभी के सारे प्रयत्न निष्फल जा रहे थे। काफी दिन बीत चुकने पर उन्होंने एक दिन कहा- देखा तुम लोग बहुत परेशान हो चुके, अब मुझे शान्तिकुञ्ज ले चलो। जो सेवा करना है, वहीं चलकर करते रहना।

उन्हें देखकर सभी यह अनुभव कर रहे थे कि महामाया अपनी योगमाया समेट रही हैं। उनका आदेश मानकर सभी लोग उन्हें लेकर शान्तिकुञ्ज आ गए। वह प्रसन्न भाव से असह्य कष्ट सहे जा रही थीं। ‘यस्मिन स्थितो न दुःखेन गुरुणापि विचाल्यते’ का गीता वाक्य उन दिनों उनके जीवन में पूरी तरह से चरितार्थ हो रहा था। आत्म चेतना में स्थित होने पर देह एक छिलके से ज्यादा कुछ नहीं रह जाती। इस बीच उन्हें एक-दो आप्रेशनों से भी गुजरना पड़ा था, उनके घाव अभी भरे नहीं थे। पर वह जैसे इन सब से परे थीं। इच्छामयी ने स्वयं की इच्छा से अपनी असंख्य सन्तानों का कष्ट अपने ऊपर ले लिया था। वह बच्चों की पीड़ा को अपने ऊपर लेकर प्रसन्न थीं। देह के असह्य कष्ट उनके अन्तःकरण को किसी भी तरह से छू नहीं पा रहे थे।

बीमारी के इन दिनों में सभी अपने-अपने ढंग से सेवा करने में जुटे थे। रिश्ते-नातेदारों का आवागमन जारी था। शान्तिकुञ्ज, गायत्री तपोभूमि के कार्यकर्त्ता, आदरणीय पं. लीलापत जी आदि गायत्री परिवार के परिजन आदिमाता से अपनी माँ के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे थे। ये बड़े ही विशिष्ट क्षण थे। इन क्षणों में माताजी के दौहित्र चिन्मय एवं उनकी छोटी सुपौत्री मृणालिनी को उनके विशेष सान्निध्य का मौका मिला। छोटी-मोटी सभी सेवाओं को करते हुए ये बच्चे देर रात तक उनके पास बैठे रहते थे। कभी-कभी उनसे पूछते भी- अम्मा जी, आप कब ठीक होंगी। उत्तर में वह हँस देतीं और अब क्या ठीक होना- अब तो चला-चली की बेला है। इस तरह की बातें सुनकर ये लोग उदास हो जाते, उन्हें समझ में नहीं आता कि वे क्या कहें और क्या करें? जिन्होंने अनगिनत लोगों को अपनी योगशक्ति से असाध्य और जटिल रोगों से मुक्त किया था, आज वही रोग शैय्या पर लेटी हुई थीं।

बातों के क्रम में एक रात्रि को चिन्मय ने माताजी से पूछा- अम्मा जी, आपने तो बहुत सारे लोगों के कष्टों को अपने ऊपर लिया है, क्या ऐसा नहीं हो सकता कि कोई आपका कष्ट अपने ऊपर ले ले। उत्तर में वह इस तरह मुस्कराने लगीं- जैसे कि किसी ने बहुत ही बचकानी बात उनसे कह दी हो। थोड़ी देर रुक कर वह धीरे से बोलीं- अपनी सन्तानों के कष्ट माँ अपने ऊपर लेती है। माता के कष्ट को भला बच्चे क्यों अपने ऊपर लेने लगे। और कोई ऐसा करना भी चाहे तो क्या मैं उसे करने दूँगी। मेरे जीवित रहते मेरी सन्तानें कष्ट उठाएँ- यह किसी भी तरह सम्भव नहीं हो सकता। असह्य एवं असीमित पीड़ा के इन क्षणों में उनकी वात्सल्यता पहले की तुलना में और भी बढ़ गयी थी। जो पास में थे उन्हें तो वह दुलार करती ही थीं। जो पास में नहीं थे, उनके बारे में भी वह पूछताछ करती रहती थीं। उनका हाल-समाचार लेती रहती थीं। वात्सल्य का वितरण करती भावमयी माँ ने अपनी इस बीमारी को एक विशिष्ट योग साधना बना लिया था। इस साधना को करते हुए उनके प्राण अपने आराध्य में महामिलन के लिए महाप्रयाण करने की तैयारी में लगे थे।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118