संस्कृति संवेदना ने पाया राष्ट्र व्यापी विस्तार

September 2002

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

मातृसत्ता में राष्ट्रीय संवेदना की सघनता की अनुभूति पहले भी सभी को समय-समय पर होती रहती थी। परन्तु श्रद्धाञ्जलि समारोह के बाद से राष्ट्र के लिए उनके प्राणों की विकलता कुछ ज्यादा ही बढ़ गयी। वे बार-बार सोचती रहतीं कि ऐसा कौन सा अनुष्ठान सम्पन्न किया जाय, जिससे राष्ट्र के प्राणों को नव स्फूर्ति प्राप्त हो, देश की संस्कृति संवेदना अपना व्यापक विस्तार कर सके। अपने निकटस्थ जनों से चर्चा में भी उन दिनों उनका यही चिन्तन मुखरित होता था। मिशन के सारे काम-काज के ताने-बाने को सुलझाती-बुनती हुई माताजी इसी राष्ट्र चिन्ता में लीन रहती थी। इन चिन्तन और चर्चा में काफी समय बीता। शान्तिकुञ्ज के क्रिया-कलापों में कई नयी कड़ियाँ भी इसी दौरान जुड़ीं। परम वन्दनीया माताजी की देख-रेख व उनके सूत्र-संचालन में पहले से सुचारु व्यवस्था और भी अधिक गतिशील हुई।

इसी समय उन्होंने हिमालय-यात्रा की योजना बनायी। यह योजना प्रायः यकायक ही बनी। माताजी हिमालय जाएँगी, यह सोचकर निकटस्थ जनों को थोड़ा भय भी हुआ। वे सोच रहे थे कि कहीं ऐसा तो नहीं कि माताजी हिमालय में ही रहने का मन बना लें। कइयों को यह भी शंका हुई कि कहीं वह हिमालय के हिमशिखरों के बीच महासमाधि तो नहीं लेना चाहतीं। क्योंकि वैसे भी गुरुदेव के अभाव में उनका मन संसार में किसी भी तरह नहीं टिक पा रहा था। अन्तर्यामी माँ से अपने बच्चों के मन की यह ऊहा-पोह छुपी न रही। उन्होंने हँसते हुए कहा- यह ठीक है कि गुरुजी के बिना यह देह रखना मेरे लिए काफी कठिन है। पर मुझे अपने बच्चे भी कम प्यारे नहीं हैं। मैं तुम लोगों के लिए अभी कुछ दिनों रहूँगी और यहीं शान्तिकुञ्ज में ही रहूँगी। जहाँ तक हिमालय जाने की बात है, तो वहाँ जाने का कारण कुछ और है। ये बातें तुम सबको मेरे वहाँ से लौटने पर पता चलेंगी।

सबको इस तरह अपनी वापसी के बारे में निश्चिन्त कर वह हिमालय में गंगोत्री के लिए चल पड़ी। उनके साथ शैलदीदी, डॉ. प्रणव पण्ड्या, चिन्मय एवं कुछ अन्य पारिवारिक सदस्य थे। दो-चार दूसरे सौभाग्यशालीजनों को भी उनके साथ इस यात्रा में जाने का सुयोग मिला। हिमशिखरों के मध्य पहुँचकर माताजी के भावों में एक अनोखा परिवर्तन झलकने लगा। उन्हें देखने वालों को ऐसा लगा जैसे कि कोई कन्या अपने पीहर आयी है। जैसे कि वह अपने आप नहीं पिता हिमवान् के बुलावे पर यहाँ आयी हैं। उनके दीप्त मुख मण्डल पर आनन्द की रेखाएँ सघन हो गयीं। कई स्थानों पर वह रुकीं और ध्यानस्थ हो गयीं। गंगोत्री के पास भगीरथ शिला पर तो वह काफी देर ध्यानमग्न बैठी रहीं। यहाँ पर जब वह ध्यान से उठीं, तो उनके चेहरे पर कुछ विशेष पाने की प्रसन्नता की प्रदीप्ति थी। यहीं से उन्होंने अपनी यात्रा को विराम दिया और शान्तिकुञ्ज वापस लौट आयीं।

वापस लौटने पर उन्होंने एक भव्य शपथ समारोह में राष्ट्र व्यापी अश्वमेध महायज्ञों की घोषणा की। यह घोषणा करते समय उन्होंने बताया कि हिमालय ने उन्हें यही सन्देश दिया है। हिमालय में निवास करने वाली दिव्य शक्तियों का यही आग्रह है कि राष्ट्र को समर्थ एवं सशक्त बनाने वाले अश्वमेध महायज्ञ का महानुष्ठान किया जाय। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि इन महायज्ञों में वह स्वयं जाएँगी। उनके आने की बात सुनकर परिजनों का उत्साह आकाश चूमने लगा। सभी अपने क्षेत्र में इस महायज्ञ को आयोजित करने के लिए उतावले थे। परन्तु यह सौभाग्य कुछ विशेष स्थानों को ही मिला। माताजी ने अपनी देख-रेख में इस महायज्ञ का कर्मकाण्ड तैयार करवाया। परिजनों को इसकी विस्तृत जानकारी देने के लिए अखण्ड ज्योति के सम्पादक ने एवं श्री वीरेश्वर उपाध्याय ने मिलकर अखण्ड ज्योति का एक सम्पूर्ण विशेषाँक (नवम्बर 1992) तैयार किया। क्षेत्रों में इन आयोजनों की व्यापक विधि-व्यवस्था की गयी। ये सभी कार्य वन्दनीया माताजी के निर्देशन में पूरे हुए।

इसी के साथ परम वन्दनीया माताजी ने जयपुर के प्रथम अश्वमेध के लिए अपनी यात्रा प्रारम्भ की। उनका यह क्रम भिलाई (म.प्र.), गुना (म.प्र.) भुवनेश्वर (उड़ीसा), लखनऊ (उ.प्र.) बड़ौदा (गुजरात), भोपाल (म.प्र.), नागपुर (महाराष्ट्र), ब्रह्मपुर (उड़ीसा), कोरबा (म.प्र.), पटना (बिहार), कुरुक्षेत्र (हरियाणा), एवं चित्रकूट आदि स्थानों में होने वाले अश्वमेध महायज्ञों में जारी रहा। इन सभी स्थानों की यात्रा के लिए विभिन्न राज्य सरकारों ने उनके लिए सरकारी वायुयान की व्यवस्था की। उन्हें राजकीय अतिथि का सम्मान दिया। दिग्विजय सिंह, लालू प्रसाद यादव, बीजू पटनायक, चिमन भाई पटेल आदि कई राज्यों के तत्कालीन मुख्यमंत्रियों ने उनके वात्सल्य से स्वयं को अनुग्रहीत अनुभव किया। मध्य प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल मो. शफी कुरैशी, उ.प्र. के तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल वोरा एवं वर्तमान प्रधानमंत्री एवं उस समय प्रतिपक्ष के नेता के रूप में अटल बिहारी बाजपेई आदि अनेकों विशिष्ट व्यक्तियों ने इन अश्वमेध कार्यक्रमों में उपस्थित होकर अनुभव किया कि माताजी का हृदय समूचे राष्ट्र के प्रति वात्सल्य से भरा हुआ है।

माताजी की अश्वमेध यात्रा की अनुभूतियाँ एवं यादें इतनी अधिक हैं, कि उन पर अलग से कई खण्डों में एक समूची ग्रन्थावली प्रकाशित की जा सकती है। वह जहाँ भी गयी, वहाँ व्यस्त कार्यक्रमों एवं थोड़े समय के बावजूद सभी से मिलीं। अति विशिष्ट जनों से लेकर अति साधारण जन तक सभी उनसे मिलकर धन्य हुए। इस अतिव्यस्तता में भी वे अपने भावुक बच्चों को नहीं भूलीं। उनके आग्रह-अनुरोध पर वे उनके घरों में गयीं। समूचे देश में ऐसे कई घर हैं, जो उनकी चरण धूलि से तीर्थ स्थान बन गए। जहाँ पर वह बैठीं, उन स्थानों को कई लोगों ने अपनी उपासना स्थली बना लिया। ऐसे व्यक्तियों ने बाद के दिनों में अनेकों दिव्य अनुभूतियाँ पायीं। उनकी अन्तर्चेतना में एक अलौकिक आलोक का अवतरण हुआ।

वह जहाँ भी गयी, वहाँ उन्होंने अनेकों अनुदान बिखेरे। कई स्थानों पर स्वयं उन्हें भी अनेकों यादों ने घेर लिया। ऐसा लगा जैसे कि वह पहले किसी अन्य रूप में यहाँ आयी हैं। चित्रकूट में सभी ने इस सत्य को प्रत्यक्ष अपनी आँखों से देखा। चित्रकूट अश्वमेध के समय वह शारीरिक रूप से काफी कुछ अशक्त थीं। इस शारीरिक अशक्तता के बावजूद वह उन सभी स्थानों पर गयी, जहाँ प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं भाई लक्ष्मण के साथ गए थे। जहाँ उन्होंने अनेकों ऋषि-मुनियों का संग लाभ लिया था। माताजी इन सभी स्थानों पर आग्रहपूर्वक गयीं। कामदगिरि, स्फटिक शिला, गुप्त गोदावरी आदि सभी स्थानों की यात्रा उन्होंने बड़े भाव भरे मन से की। इन जगहों को उन्होंने कुछ इस तरह से देखा, जैसे वह यहीं कहीं अपने राम को देख रही हों। स्फटिक शिला पर वह थोड़ी देर बैठीं भी। यहाँ बैठने पर बोलीं, देखो तो सही समय बदलने के साथ कितना कुछ बदल गया है। त्रेता युग में कुछ और था, अब कुछ और है।

सुनने वाले कुछ समझे, कुछ नहीं समझे। ज्यादा पूछने पर वह हल्के से मुस्करा भर दीं। अपने बच्चों को खुशियाँ देते, राष्ट्र के प्राणों में नवस्फूर्ति का संचार करते हुए उनकी यह यात्रा चल रही थी। उन्हें इस तरह यात्रा करते हुए देख कर विदेशों में बसे परिजनों के मन में यह लालसा सघन हो गयी कि उनकी माँ उनके पास भी आ जाएँ। उनके घर भी विश्वजननी की चरण धूलि से तीर्थ भूमि बन सके। अपने विदेशी बच्चों के इस आग्रह-अनुरोध को वह ठुकरा न सकीं। सभी के प्रबल प्रेम के कारण विश्वमाता ने विश्वयात्रा के लिए हामी भर दी। उनकी इस हाँ से अनगिनत हृदय पुलकित-प्रफुल्लित हो उठे।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles