ईश्वर का द्वार सबके लिए खुला है।

August 1975

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>

ईश्वर का द्वार सबके लिए समान रूप से खुला है। उसमें जो भी चाहे प्रवेश कर सकता है।

सूरज नित्य उदय होता और अपनी राह चला जाता है। हम चाहें तो धूप में पहुँचकर उससे मिल सकते हैं। यदि घर में बैठे रहे और आंखें बन्द करलें तो फिर उससे मिलना कठिन है। सूर्य से कृपा की याचना व्यर्थ है वह तो अनवरत रूप से बरसा ही रहा है। बन्द तो हमने अपने दरवाजे और अपनी आंखें कर ली है। खोलना इन्हीं को है। कृपा तो अपने ऊपर अपने आपको करनी है। अन्धा यह सोचे कि मेरी आंखें ठीक है केबल दुनिया ही अंधेरी हो गई, तो फिर वस्तुस्थिति को समझना कठिन है। भगवान रुष्ट हो गये है और में अपनी स्थिति पर सन्तुष्ट है, यह माना जाता रहा तो फिर कोई समाधान मिल न सकेगा।

ईश्वर हमारे लिए अपरिचित है। हम केवल अपने परिचित अज्ञान और मनोविकारों को ही जानते हैं। परिचितों का स्वगत किया जाता है और अपरिचितों को आश्रय देने में संकोच पड़ता है। ईश्वर को अपने में आत्मसात करना अथवा अपने के उसमें घुला देना यह दोनों ही स्थितियाँ हमें अत्यन्त कठिन होती है; फिर परम प्रभु से मिलन कैसे हो।

हम ईश्वर को जिस गज से नापते हैं वह बहुत छोटा है। अपने गज से महामानवों तक को लोग न नाप सके, उनके रहते उनका उपहास और असहयोग करते रहे। फिर इतने विशाल परमेश्वर को अपना छोटापन रहते किस प्रकार जाने? उसे कैसे पावे? और कैसे अपनावें?

ईश्वर का स्वरूप है-’महानता’। इस विशाल ब्रह्माण्ड को उसकी एक छवि के रूप में देखा जा सकता है और इस सुविस्तृत विस्तार के अंतर्गत हो रही ज्ञात और अविज्ञात हलचलों को उस महासागर की तरंगें समझा जा सकता है। इसे प्राप्त करने का हमें अपनी संकीर्णता छोड़नी पड़ेगी और उतनी महानता अपनानी पड़ेगी जिसके सहारे उस महान परमेश्वर को देखा जा सके। गड्ढे में बैठकर छोटी-सी परिधि ही दिखाई देगी। समतल भूमि पर बैठ कर कुछ मील तक के दृश्य दृष्टिगोचर हो सकते हैं किन्तु यदि सुविस्तृत अंतरिक्ष की झाँकी करनी हो तो अधिकाधिक ऊंचाई पर पहुँचने और वहाँ से दृष्टि पसारने के अतिरिक्त और किसी प्रकार अभीष्ट उद्देश्य की पूर्ति नहीं हो सकती।

हम जितने की संकीर्ण है, ईश्वर से उतनी ही दूर है। उदात्त दृष्टिकोण और उदार रीति-नीति अपनाकर ही उसके समीप पहुँचाने वाली मंजिल पर अग्रसर हो सकते हैं। छोटे पात्र में बड़े पदार्थ नहीं रखे जा सकते हैं। जितना सामान हो उसे रखने के लिए पात्र भी उतना ही बड़ा होना चाहिए। बड़ी जलराशि गहरे तालाब में ही भरी जा सकती है। ईश्वर महान है। महानता के रूप में ही उसकी स्थापना अन्तःकरण में हो सकती है। महामानवों को ही दूसरे शब्दों में ईश्वर भक्त कह सकते हैं। संकीर्ण स्वार्थपरता की धुन्ध जितनी मात्रा में निरस्त करते हैं उतने ही स्पष्ट दर्शन भगवान के हो सकते हैं।

ईश्वर खुला आकाश है- कोई व्यक्ति नहीं। हम आकाश में उड़े उसका आँचल खुला पड़ा है। आकाश हमें खींचकर ऊपर नहीं उड़ायेगा। अपना लक्ष्य और प्रयत्न हो तो साधन बन जायेंगे।

समुद्र न तो नदियों को बुलाता है और न रोकता है। कोई नदी चाहे तो तालाब में रुक जाय। कोई चाहे तो बहती चले और समुद्र में मिल जाय। ईश्वर को प्राप्त करने के लिए उसे समझना आवश्यक है। मिन्नतें करके और मनौती मनाने की उलझी पगडंडी पर चलकर उस तक नहीं पहुँचा जा सकता। उदात्त चिन्तन और परिष्कृत व्यक्तित्व के राजमार्ग पर चलकर ही उस परम प्रभु तक पहुँचा जा सकता है; जिसे पाना हमारा जीवन-लक्ष्य है।


<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:


Page Titles






Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118