समय ही होता है बलवान
समय ही होता है बलवान, समय से बनते व्यक्ति महान॥
समय से ही हनुमान बने, समय अर्जुन से बाण बने।
समय सान्निध्य महान बने, अकिंचन अरे महान बने।
देव बन गये नये इन्सान॥
समय आवाज लगाता है, असाधारण हूँ बतलाता है।
पकड़ता नहीं किन्तु वह स्वयं, समझता जो वह आता है।
समय फिर देता है वरदान॥
समय यूँ किसको नहीं मिला, समय का चालू है सिलसिला।
मिला सबको साधारण समय, असाधारण विरलों को मिला॥
धन्य वे मिला जिन्हें आह्वान॥
मान्धाता अरू भामाशाह, समय पर दिखा गये उत्साह।
पा गये वे ऐसा सान्निध्य, हो गया उनको वैभव वाह॥
सुदामा बनें सहज श्रीमान॥
आज भी वैसा ही है योग, सुलभ है आज दिव्य संयोग।
अरे युग परिवर्तन अभियान, दिव्य सत्ता का दिव्य प्रयोग॥
जोड़ दे महाप्राण से प्राण॥