स्वच्छता मनुष्यता का गौरव

सामाजिक कार्यकर्ताओं के कर्तव्य

<<   |   <   | |   >   |   >>

    शहरों की मल-मूत्र समस्या को बहुत शीघ्र नियंत्रण में लिया जा सकता है पर गाँवों की समस्या कुछ अधिक दुरुह है। गाँवों की अधिकांश जनता अनपढ़ होने से वे लोग किसी बात की उपयोगिता उतनी जल्दी नहीं समझते। तो भी युग-निर्माण आन्दोलन के कर्मठ कार्यकर्ता यदि आवश्यक प्रशिक्षण एवं जानकारी देने के लिए कटिबद्ध हो जायें तो वहाँ भी मल-मूत्र की समस्या को शीघ्र ही काबू किया जा सकता है।
    पहला कार्य यह है कि लोगों को मल-मूत्र की गन्दगी से पैदा होने वाले रोग और बुराइयों की जानकारी दी जाय। नम्बर दो-उन्हें मल-मूत्र की उपयोगिता समझाई जाय और उसे खाद के रूप में प्रयोग करने को तैयार किया जाय। दो कार्यक्रम सैद्धांतिक हुए। इसके बाद रचनात्मक कार्यक्रमों का आन्दोलन उठाना चाहिए।
    पहला तरीका यह है कि लोग खेतों पर पाखाना करें, तालाबों के आसपास की जमीन में या गाँव के किनारे रास्तों में मैला न फैलायें, पाखाना जाते समय लोग अपने साथ खुरपी लेकर जायें और गड्डा खोदकर उसमें पाखाना करें बाद में उसे मट्टी से ढक दें। इससे वह मल कुदरती तौर पर खाद बन जाता है।
    जमीनी छप्परों का घेरा डालकर सामूहिक पाखाना तैयार किये जायें। इनकी गहराई इतनी होनी चाहिए जिससे एक पाखाना कम से कम एक वर्ष या छः महीने तक तो काम दे ही जाय। पाखाने के लिए बैठने की लकड़ी को काटकर इस तरह तैयार किया जाय कि दोनों पैरों को रखने के लिए दो मजबूत पट्ठे बने रहें और उनके बीच में मल विसर्जन के लिए काफी चौड़ाई से उसे काट दिया जाये। इस प्रकार एक पाखने को घेर दिया जाय ताकि एक साथ दस-बारह व्यक्ति भी अगर पाखाने को बैठें तो इसमें कोई परेशानी न आये। पाखाने पुरुषों के लिए अलग, स्त्रियों के लिए अलग हों।
    बच्चों के लिए बाल्टी की टट्टियाँ बनवा ली जाँय और वे मकान के ऐसे कोने में हों जहाँ से दुर्गन्ध न  फैले। बैठने के लिए कुर्सीनुमा लगाना चाहिए और जब एक बार बच्चा पाखाना फिर ले तो उसे मिट्टी या राख से ढक देना चाहिए ताकि बदबू न फैले।
<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here: