इक्कीसवीं सदी बनाम उज्ज्वल भविष्य-भाग १

वैज्ञानिक शोधें भी पूर्वाभास से उपजीं

Read Scan Version
<<   |   <   | |   >   |   >>
अनेकानेक आविष्कारों पर दृष्टि डाली जाए, तो ज्ञात होगा कि इनका पूर्व स्वरूप एक खाके के रूप में मनीषीगणों के अंतःकरण में उपज चुका था, उन्हें तत्सम्बन्धी पूर्वाभास अंतःबोध हुआ। उनकी परिणति प्रारम्भिक आविष्कारों के रूप में हुई क्रमश: संशोधन होते- होते आज वाली प्रगतिशील स्थिति में विज्ञान ने यह यात्रा पूरी कर ली है। कुछ आविष्कारों पर नजर डालें तो बात और भी साफ हो जाएगी।

    न्यूटन ने गुरुत्वाकर्षण की शक्ति के सिद्धान्त की जानकारी देकर विज्ञान जगत में क्रान्ति ला दी। सब जानते हैं कि वे चिन्तन में निमग्न थे। एक सेब का फल टूटकर पृथ्वी पर गिरने की घटना ने ही उनकी अंतःप्रज्ञा में हलचल मचा दी, यह पृथ्वी पर ही क्यों गिरा? यह चिंतन करते- करते वे इस निष्कर्ष पर पहुँचे कि पृथ्वी के अन्दर प्रचुर मात्रा में गुरुत्व बल विद्यमान है, जो वस्तुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है।

    पतीली में उबलते पानी की भाप से उठते एवं गिरते ढक्कन ने किशोर जेम्सवाट की अंतःसामर्थ्य को उकसाया और भाप की शक्ति का सिद्धान्त उत्पन्न कर, न केवल रेलें चलाई जा सकीं, अपितु औद्यौगिक क्रान्ति का आधार खड़ा करने की स्थिति उत्पन्न हो, ऐसी संभावनाएँ बन गईं।

    श्री फ्रेडरिक कैकुले भी बेंजीन के न्यूक्लियस की खोज करते- करते स्वप्नावस्था में चले गए। उनने देखा कि एक साँप कुंडली मारकर बैठा है और अपनी ही पूँछ काट रहा है। तुरन्त जागकर उनने इसका चित्र बनाया, तो आश्चर्यचकित देखते रह गए कि षट्कोण के रूप में वे न्यूक्लियस की आकृति खींच चुके थे। आट्टोलेवी को भी इसी प्रकार स्नायु तन्तुओं में काम करने वाले उस रस के समीकरणों का अन्तर्बोध हुआ, जो स्नायु- सन्धि केन्द्रकों (सिनेप्सों) पर विद्युतप्रवाह के लिए उत्तरदायी था। कागज पर उतारते ही स्टाइल कोकोटेशनलीन कोलीन एस्टरेस जैसे महत्त्वपूर्ण न्यूरोकेमिकल्स की प्रारम्भिक शोध का कार्य पूरा हो चुका था।

    वस्तुतः जिन भी संभावनाओं पर मनीषा चिन्तनरत रहती है, वे अचेतन के गर्भ में पहले ही जन्म ले चुकी होती हैं। कुछ अन्तर्बोध के रूप में, तो कुछ स्वप्न, अंतःस्फुरणा के रूप में विकसित चेतना के धनी मनीषियों के मानस से फूट पड़ती है एवं आविष्कारों, पूर्वाभासों, भविष्यवाणियों का रूप ले लेती है।

    अमेरिकी वैज्ञानिक बेंजामिन ऐड्रिनलिन ने तड़ित बिजली को चमकते देखकर सोचा कि इस वर्षा भरे तूफान में पतंग उड़ाकर देखा जाए। गीली डोर से उनने एक चाबी बाँधकर जमीन पर रख दी। उस लोहे की चाबी से जब उनने विद्युत स्फुल्लिंग चमकते देखे तो तड़ित बिजली चालक आविष्कार उनकी विकसित चेतना में उद्भूत हो चुका था। यह चमत्कार है उस अन्तर्बोध का, मनीषा में जागे पूर्वाभास का, जिसने ऐसा कुछ सम्भव है, यह सोचकर किसी वैज्ञानिक को प्रयास- पुरुषार्थ की प्रेरणा दी।

    इतिहास बताता है कि हर कल्पना, हर अप्रत्याशित घटनाक्रम को मूर्त रूप देने का कार्य दैवी चेतना ने मानवी प्रज्ञा के माध्यम से ही किया है। राजनीतिज्ञ, समाज सुधारक, चिन्तक, प्रकृति के रहस्यों की खोज करने वाले तथ्यान्वेषी, लेखक, कवि, संगीतकारों को भी भावी कार्यों सम्बन्धी प्रेरणा इसी आधार पर मिलती रही है, यहाँ तक कि असम्भव को सम्भव कर दिखाने वाली प्रकृति प्रेरणा भी अचेतन में ही जन्मी व मिस्र के पिरामिड, चीन की दीवार, पनामा- स्वेज नहर, ताजमहल, हालैंड द्वारा समुद्र में डूबी धरती पर खेती आदि जैसे काम सम्पन्न होते चले गए, जिन्हें युगान्तरकारी कहा जाता है। जिन्हें डाक व्यवस्था, नोट, करेंसी का प्रचलन करने की सूझी अथवा समाज व्यवस्था हेतु प्रचलन परम्पराएँ बनानी पड़ीं, उन्हें भी अंतर्प्रज्ञा ने बोध कराया होगा, परब्रह्म की पेचीदा उन्हें मिली होगी। पैगम्बरों देवदूतों की बात करते हैं, तो आशय ऐसी ही विभूतियों से होता है, जिन्हें इलहाम होता रहा है। जिनकी विकसित चेतना भविष्य को पढ़ पाने में समर्थ रही है।

    वही अंत: प्रेरणाप्रद विकसित चेतना आज भविष्य पर दृष्टि डाले कुछ कहने पर उतारू है। आज संकटों से भरी वेला में दोनों ही प्रकार के भविष्य कथन हमारे सामने हैं। एक वे जिनमें आगामी वर्ष व इक्कीसवीं सदी के पूर्वार्द्ध को खतरों- संकटों से घिरा बताया गया है, दूसरी वे जिनमें भविष्य के सम्बन्ध में उज्ज्वल संभावनाएँ प्रकट की गई हैं। इन्हीं का कहना है कि यदि मानवी प्रयास क्रम उलट दिये जाएँ, दिशा बदल ली जाए, गलती सुधार ली लाए, तो संभावित विपत्तियों के घटाटोप छँटती सकते हैं। घटा कितनी ही काली एवं डरावनी क्यों न हो, तेज आँधी उसे कहीं से कहीं पहुँचा देती है, उसकी भयावहता को निरस्त कर देती है। यही बात मानवी पुरुषार्थ के बारे में भी लागू होती है। वह चाहे तो हर भवितव्यता को बदल सकता है।

    प्रस्तुत बेला जिससे विश्व मानवता गुजर रही है, परिवर्तन की है। युग परिवर्तन पूर्व में भी होता रहा है, जिसे सामूहिक विकसित चेतना नाम दिया जा सकता है। यही बिगड़ी स्थिति को देखते हुए सुनियोजित विधि व्यवस्था बनाने, प्राणवान प्रतिभाओं को निबाहने का सरंजाम पूरा करती है। अवतार इसी प्रवाह का नाम है। इन दिनों उसी महाकाल की प्रबल युग परिवर्तन के निमित्त नई परिस्थितियाँ विनिर्मित करती देखी जा सकती हैं। आवश्यकता इसी बात की है कि समय को पहचानकर, अपने प्रयास भी इसी निमित्त झोंक दिये जाएँ। श्रेय को पाने व अवतार प्रक्रिया का सहयोगी बनने का ठीक यही समय है।

<<   |   <   | |   >   |   >>

Write Your Comments Here:







Warning: fopen(var/log/access.log): failed to open stream: Permission denied in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 113

Warning: fwrite() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 115

Warning: fclose() expects parameter 1 to be resource, boolean given in /opt/yajan-php/lib/11.0/php/io/file.php on line 118